
नवदुनिया प्रतिनिधि, हरदा: जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला और क्रूर मामला सामने आया है। यहां अज्ञात आरोपितों ने गंजालेश्वर आश्रम से पांच गायों को चोरी कर उन्हें रेलवे ट्रैक पर बांध दिया, जिससे गुजरती ट्रेन की चपेट में आने से सभी मवेशियों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात की है। आरोपितों ने पहले आश्रम से गायों को चोरी किया और फिर उन्हें रस्सियों से बांधकर आश्रम से करीब आधा किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया। देर रात जब ट्रेन वहां से गुजरी, तो सभी गायें उसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह छिदगांव मेल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास गायों के शव मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टिमरनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा और जिला उपाध्यक्ष भवानी सिंह राजपूत ने बताया कि यह घटना बेहद निंदनीय है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
हिंदू संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर पहुंचे एसडीएम संजीव नागू और थाना प्रभारी मुकेश गौड़ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सूत्रों के अनुसार, आश्रम के कर्मचारियों का दो दिन पहले किसी से विवाद हुआ था। इस घटना को उसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसडीओपी आकांक्षा तलया ने बताया कि अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।