
नवदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। सहकारी सेवा समिति गहाल द्वारा 70 किसानों के खसरे गलत तरीके से दर्ज कर दूसरों के नाम समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने के लिए किसान पंजीयन कराया गया। जिसमें सहकारी सेवा समिति गहाल से खोटनामे के शपथ पत्र भी अधूरे मिले।
इसमें एक किसान के नाम पर दूसरे किसानों के 7 से 8 खसरे दर्ज कर पंजीयन किए गए। कृषि सहायक संचालक भगवत सिंह राजपूत की जांच रिपोर्ट के अनुसार ग्रीष्मकालीन मूंग पंजीयन अन्य किसानाें की कृषि भूमि के खसरे का पंजीयन कराया गया है, जो उचित नहीं हैं।
आरोपितों द्वारा भू-स्वामियों की सहमति के बिना फर्जी शपथ पत्र देकर कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित गहाल के प्रभारी सहायक समिति प्रबंधक पवन धनगर एवं आपरेटर संजय जाट ने ई-उपार्जन पोर्टल पर गहाल समिति की लागिन आइडी से शासन के दिशा निर्देश का उल्लंघन कर लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से पंजीयन किया।
फरियादी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र मंडलोई ने बताया कि नमन राय पिता रमेश राय, पराग पिता रमेश राय, रमेश कुमार राय पिता लखनलाल, गणेश प्रसाद चौकसे पिता रमेश चंद्र, राखी चौकसे पति गणेश प्रसाद,
खुशबु पिता रमेश, सविता पति रमेश सभी निवासी ग्राम चारुवा एवं कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित गहाल के प्रभारी सहायक समिति प्रबंधक पवन धनगर एवं कंप्यूटर आपरेटर संजय जाट के खिलाफ सिराली थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(3), 61 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
बताया जा रहा कि करीब 70 किसानों की 101 हेक्टेयर रकबे का फर्जी पंजीयन किया गया। वहीं एफआइआर दर्ज कराने के लिए जांच अधिकारी को फरियादी न बनाते हुए वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र मंडलोई को फरियादी बनाया गया। इससे कई सवाल उठ रहे हैं।