हरदा में ₹5.5 लाख के MD पाउडर के साथ जनपद सदस्य का पति और साथी गिरफ्तार; गश्त के दौरान कार से पकड़ी गई ड्रग्स
कोतवाली पुलिस ने 54.76 ग्राम एमडी पाउडर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार एक आरोपी जनपद सदस्य का पति है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा शुक्...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 20 Jun 2026 02:58:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Jun 2026 03:07:12 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में एमडी पाउडर के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी। नईदुनिया।HighLights
- पुलिस ने 54.76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
- गिरफ्तार आरोपियों में जनपद पंचायत सदस्य का पति भी शामिल
- कार के साथ 1.12 लाख रुपये नकद और करीब 5.5 लाख रुपये कीमत की ड्रग्स जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 54.76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक जनपद पंचायत सदस्य का पति भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ, नकदी और कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गश्त के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात गश्त के दौरान फोरलेन स्थित कैदी ढाबा के सामने एक संदिग्ध कार (एमपी 04 वायएस 4731) खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने कार में बैठे दो व्यक्तियों की तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 54.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार की सीट में छिपा रखी थी ड्रग्स
पूछताछ में आरोपी रामेश्वर मुडेल (47), निवासी ग्राम गोयत, थाना टिमरनी ने अपने पास से 69,500 रुपये और कार की पिछली सीट के नीचे ड्रग्स छिपाकर रखने की जानकारी दी। वहीं दूसरे आरोपी बबलू उर्फ विनोद यादव (48), निवासी ग्राम रोलगांव, थाना सिराली ने चालक सीट के पीछे कवर में 43,200 रुपये छिपाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 12 हजार 700 रुपये नकद तथा कार जब्त कर ली है। आरोपी बबलू उर्फ विनोद यादव की पत्नी पूजा यादव हरदा जनपद पंचायत की सदस्य हैं।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में मारपीट सहित अन्य मामले भी दर्ज हैं।