हरदा में गिरमिट गैंग को पुलिस ने गिरफ्त में लिया, साढ़े 7 लाख के गहने जब्त
गिरमिट गैंग के सदस्य चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले संबंधित गांव में अपना टारगेट निर्धारित करते थे। गांव में सामग्री बेचने के बहाने घर-घर जाते थे। जिस घर में चोरी की घटना को अंजाम देना होता, उसकी अच्छी तरह से रैकी की जाती थी।
Publish Date: Sat, 30 Nov 2024 02:57:00 PM (IST)
Updated Date: Sat, 30 Nov 2024 02:57:00 PM (IST)
हरदा एसपी अपनी टीम के साथ चोरियों का खुलासा करते हुए।HighLights
- पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
- खंडवा और नर्मदापुरम जिले के रहने वाले हैं।
- पुलिस ने एक दर्जन चोरियों का पर्दाफाश किया।
नवदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। पुलिस ने गिरमिट गैंग को गिरफ्तार कर साढ़े सात लाख रुपये के गहने जब्त किए हैं। गैंग के गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपित खंडवा और नर्मदापुरम जिले के रहने वाले हैं। गैंग के 4 आरोपित फरार हैं। जिले के सिराली और छीपाबड़ थाना क्षेत्र में इस इस गैंग ने दो दर्जन चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें से 12 चोरियों का पुलिस ने शनिवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान खुलासा किया।
इन्हें किया गिरफ्तार
- एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि गिरमिट गैंग का सरगना राजेंद्र उर्फ फुटीम पिता जगदीश पारधी उम्र 28 साल निवासी धावड़ाघाट थाना शिवपुर है।
- इसके अलावा विनोद पिता मंसाराम राठौर उम्र 40 साल निवासी नांदियाखेड़ा थाना किल्लौद जिला खंडवा।
- अरुण पिता मंसाराम राठौर उम्र 32 साल निवासी धावड़ाघाट थाना शिवपुर जिला नर्मदापुरम।
- रामजीवन पिता कालीचरण चौहान उम्र 29 साल निवासी कुक्षी थाना किल्लौद।
- रामविलास पिता ठाकुरलाल राठौर उम्र 52 साल निवासी नांदियाखेड़ा को भी गिरफ्तार किया गया।
डकैती की योजना बनाते पकड़े गए आरोपित
एसपी चौकसे ने बताया कि इसी माह की 21 तारीख की रात गहाल गांव के सरकारी स्कूल के पास उक्त आरोपित डकैती की योजना बनाते गिरफ्तार किए गए थे। उनके पास से देसी कट्टा, लकड़ी के दरवाजे में छेद करने वाली गिरमिट, टामी, सब्बल, पिंचिस, रस्सी आदि सामग्री मिली थी।
गांवों में लगातार हो रही थीं चोरियां
सिराली क्षेत्र के जात्राखेड़ी, भगवानपुर, महेंद्रगांव, दीपगांव कलां, नहाली, रोलगांव में चोरी की लगातार बड़ी घटनाएं हो रही थीं। सभी चोरी की घटनाओं में घरों के लकड़ी के दरवाजों में गिरमिट से छेद करके दरवाजा खोलकर सामग्री चुराई जा रही थी। इसी तरह की घटना छीपाबड़ थाने के गांव में भी हो रही थी। एसपी चौकसे ने बताया कि पांचों आरोपितों को जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा। उनकी रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर उनके साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।
चोरी के पहले करते थे गांव की रैकी
सिराली थाना प्रभारी निकिता विल्सन ने बताया कि गिरमिट गैंग के सदस्य चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले संबंधित गांव में अपना टारगेट निर्धारित करते थे। गांव में सामग्री बेचने के बहाने घर-घर जाते थे। जिस घर में चोरी की घटना को अंजाम देना होता, उसकी अच्छी तरह से रैकी की जाती थी। गैंग के निशाने पर धनाढ्य किसान रहते थे। चोरी की घटना को अंजाम देकर आरोपित अपने-अपने गांव लौट जाते थे।