
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के शासकीय आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर शनिवार सुबह लोकायुक्त की टीमों ने छापा मारा। प्रारंभिक जांच और तलाशी अभियान में अब तक लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है, जो उनकी ज्ञात वैध आय से लगभग 560 प्रतिशत अधिक है।
उसके पास से तीन करोड़ का सोना और 26 लाख रुपये नकद तथा डेढ़ किलो से ज्यादा चांदी मिली है। लोकायुक्त को शिकायत मिली थी कि संजीव शर्मा ने अपनी सेवा अवधि के दौरान भ्रष्टाचार कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। नर्मदापुरम की विशेष अदालत से जारी सर्च वारंट पर जांच की गई।
जांच में पचमढ़ी स्थित संजीव शर्मा के सरकारी आवास से मटकुली के इकोटेल होटल एंड रिसार्ट के दस्तावेज मिले हैं। इसे 2016-17 में खरीदा गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा फैसला, छठ के बाद भीड़ को देखते हुए चलेंगी विशेष ट्रेनें, कई ट्रेनों के बढ़ाए अतिरिक्त फेरे
पचमढ़ी के सेरेनिटी द विला होटल के दस्तावेज भी मिले हैं। इसे 2014 में खरीदा गया था। इसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये हैं। जमीन खरीदने से जुड़े 28 दस्तावेज भी मिले हैं। घर से कार, बाइक और ई बाइक भी मिली, जिनके नंबर एक समान 3773 हैं।