
नवदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। जिले के पिपरिया में रविवार को बरेली निवासी पटवारी अजय धाकड़ का शव रेलवे ट्रेक पर मिला। वहीं स्टेशन की पार्किंग में खड़ी उनकी कार में उनके दोनों बच्चों समर्थ और शिवा के शव मिले। मामले का पर्दाफाश होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतक पटवारी धाकड़ ने अपने दोनों बच्चों की हत्या की उसके बाद स्वयं से भी ट्रेन के सामने आकर जान दे ही। हालांकि इस मामले में अभी पुलिस कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रही है। देर शाम तक पुलिस मामले की जांच करती रहीं। वहीं बच्चों सहित अन्य शवों का पाेस्टमार्टम सोमवार को होने की बात भी अधिकारी कर रहे हैं।
मृतक अजय धाकड़ रायसेन जिले के बरेली के निवासी था। साथ ही वह उदयपुरा में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। घटना रविवार दोपहर वह अपने दोनों बच्चों को लेकर बरेली से निकला था। कोई सूचना नहीं मिलने पर स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान देर शाम स्वजनों को पिपरिया रेलवे स्टेशन पर उनका शव मिलने की सूचना मिली। उसके बाद किसी ने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में उनकी कार देखी। जांच में कार के भीतर से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। अब जीआरपी व स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और अजय धाकड़ ने आत्महत्या क्यों की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आशीष पंवार, एसडीओपी, पिपरिया।