MP में स्कूली छात्रा के साथ ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म, सुनसान जगह ले जाकर की दरिंदगी... डरी-सहमी छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा
MP Crime: नर्मदापुरम शहर में सुरक्षा और भरोसे को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 वर्षीय छात्रा अपने ही स्कूल ऑटो चालक की हवस का शिकार ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 11:53:03 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 11:56:47 PM (IST)
नर्मदापुरम 50 साल के ऑटो चालक ने स्कूली छात्रा से किया दुष्कर्म। प्रतीकात्मक फोटोHighLights
- हिंगलाज माता मंदिर के पास अंजाम दी वारदात
- आरोपी पर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट दर्ज
- पीड़िता को जान से मारने की दी थी धमकी
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में रिश्तों और भरोसे को कलंकित करने वाली एक घटना प्रकाश में आई है। यहां एक 50 वर्षीय ऑटो चालक ने अपनी जिम्मेदारी को भूलकर एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी मुकेश कीर को गिरफ्तार कर लिया है।
भरोसे की आड़ में वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता शहर के नजदीकी एक गांव की रहने वाली है और प्रतिदिन स्कूल जाने के लिए मुकेश कीर के ऑटो का उपयोग करती थी। मुकेश पिछले काफी समय से उसे स्कूल लाने और ले जाने का काम कर रहा था, जिसके कारण परिजनों को उस पर पूरा भरोसा था। थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि यह घटना करीब आठ दिन पुरानी है।
सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म
गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी मुकेश घटना के दिन छात्रा को स्कूल ले जाने के बजाय नर्मदा किनारे स्थित हिंगलाज माता मंदिर के पास ले गया। वहां, एक सुनसान स्थान देखकर उसने छात्रा के साथ जबरदस्ती की। वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वह उसे जान से मार देगा।
डर के कारण छात्रा ने छोड़ा स्कूल
इस खौफनाक घटना से छात्रा इतनी डर गई थी कि उसने घर से बाहर निकलना और स्कूल जाना बंद कर दिया। जब कई दिनों तक वह स्कूल नहीं गई, तो परिजनों को चिंता हुई। कड़ी पूछताछ और सांत्वना देने के बाद छात्रा फफक कर रो पड़ी और ऑटो चालक की सारी करतूत बयां कर दी। इसके तुरंत बाद परिजन थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मुकेश कीर के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट (POCSO Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि पीड़िता को उचित न्याय मिल सके।