
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। जिले में सरकारी मूंग के भंडारण में गड़बड़ियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर खरीदी गई करीब 62 हजार 862 बोरी सरकारी मूंग के भंडारण में गंभीर अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
औचक निरीक्षण के दौरान कई बोरियों में निर्धारित मानकों से अधिक कचरा और मिट्टी मिली, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई पाई गईं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने बुधवार को वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही सभी 23 स्टेकों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा को शिकायत मिली थी कि वेयरहाउस में पिछले दो वर्षों के दौरान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंग को बदलकर उसकी जगह कचरा और मिट्टी मिली अमानक मूंग रख दी गई है। शिकायत के बाद कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक कृषि और जिला विपणन अधिकारी का संयुक्त जांच दल गठित किया।
बुधवार को संयुक्त दल ने कनकधारा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई लॉट में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार कई बोरियों में निर्धारित सीमा से अधिक मिट्टी मिली, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई थीं। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए वेयरहाउस को तत्काल सील कर दिया गया। सभी 23 स्टेकों से नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जिले के अन्य वेयरहाउसों का भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर सरोज परिहार, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, उप संचालक कृषि डॉ. रविकांत सिंह, जिला विपणन अधिकारी अनिल जैन, एमपीडब्ल्यूएलसी के शाखा प्रबंधक, नेफेड के प्रतिनिधि तथा तहसीलदार माखननगर सुनील गढ़वाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सरकारी मूंग के भंडारण को लेकर जिले में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले माखननगर के एकलव्य वेयरहाउस से करीब 18,887 क्विंटल (करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की) सरकारी मूंग गायब होने का मामला सामने आया था।
यह भी पढ़ें- लोकायुक्त छापा : 17.12 करोड़ की संपत्ति का रिकॉर्ड, आयकर विभाग और सेबी से मांगा ब्योरा
इसके बाद शिवपुर के कोठरा स्थित पंचमुखी वेयरहाउस से 1,841 बोरी सरकारी मूंग चोरी का मामला भी उजागर हुआ। अब कनकधारा वेयरहाउस में अमानक मूंग और मिट्टी से भरी बोरियां मिलने से सरकारी भंडारण व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से वेयरहाउसों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
कनकधारा वेयरहाउस में पिछले दो वर्षों के दौरान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई सरकारी मूंग का भंडारण किया गया था। सूचना मिली थी कि भंडारित मूंग को बदलकर उसकी जगह अमानक मूंग रख दी गई है। संयुक्त जांच दल ने वेयरहाउस के सभी स्टेकों का निरीक्षण किया, जिसमें कई बोरियों में निर्धारित मानकों के विपरीत अधिक मात्रा में मिट्टी मिली, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी पाई गईं। सभी 23 स्टेकों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितता पाए जाने पर वेयरहाउस को सील कर दिया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम नर्मदापुरम