

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : खजराना गणेश मंदिर के दान पात्रों की राशि की गिनती तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। पहले दिन 31 लाख, दूसरे दिन 41 एवं तीसरे दिन 37 लाख सहित अब तक दान पेटियों से निकली एक करोड़ नौ लाख की राशि की गिनती हुई। कैमरों की निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था के बीच गिनती पूर्ण होते ही राशि को बैंक में जमा भी कराया जा रहा है। गिनती नगर-निगम, मंदिर कार्यालय एवं कोषालय के 32 कर्मचारी कर रहे है।
दान पात्र से आभूषण भी निकले है जिसमें चैन और माला आदि शामिल है। सुबह 11 बजे से कैमरों की निगरानी के साथ सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में राशि की गिनती की जा रही है। अब तक करीब 37 पेटियों की गिनती बची है। तीन पेटियां शेष हैं। बताया जा रहा है कि अगामी तीन दिन ओर गिनती चलेगी। राशि में चलन से बाहर हुए दो हजार के भी दो नोट निकले हैं। विदेश करंसी में नेपाल से मिली मुद्रा शामिल है। चिट्टियों में श्रद्धालुओं ने अपनी दुख दर्द सांझा की है। मुख्य पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि गिनती की वीडियों रिकॉर्डिग भी की जा रही है।
मंदिर परिसर में कुल 40 दानपेटियां है। शेष पेटियों को भी अगले दिनों में चरणबद्ध तरीके से खोलकर राशि की गणना की जाएगी।
जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों को दान राशि की गणना में लगाया गया है। गणना स्थल पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जा रही है।
चढ़ावे की गिनती इस बार कड़ी सुरक्षा में
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद मंदिरों में दान राशि की सुरक्षा और गिनती को लेकर अधिक सावधानी बरती जा रही है। खजराना गणेश मंदिर में करीब साढ़े तीन महीने बाद शुरू हुई दान पेटियों की गिनती में थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 25 सदस्यीय गिनती टीम के मंदिर में प्रवेश से पहले चेकिंग की जा रही है। सदस्यों को चेन, अंगूठी सहित किसी तरह के आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं है।
गिनती हॉल में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अलग से कराई जा रही है। बैंक कर्मियों की निगरानी में राशि की गिनती, पैकिंग और बैंक को सौंपने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दान पेटियों को सील कर बैंक को सौंपा जाएगा। सुरक्षा के लिए गार्डों की संख्या भी 2 से बढ़ाकर 5 कर दी गई है। कलेक्टर और निगमायुक्त पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- खजराना मंदिर की मर्यादा से खिलवाड़, बदमाश का गर्भगृह में प्रवेश, सुरक्षा गार्ड बर्खास्त और एजेंसी पर जुर्माना