
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हीरानगर थाना में हाईप्रोफाइल पारिवारिक विवाद सामने आया है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी वकुल विजयवर्गीय ने पत्नी यशस्वी और ससुर संजय विजयवर्गीय के विरुद्ध ब्लैकमेलिंग की एफआइआर दर्ज करवाई है। उन पर पुराने प्रकरण में समझौता करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपयों की मांग करने का आरोप लगाया है।
प्राइम सिटी (खातीपुरा) निवासी 32 वर्षीय वकुल कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी हैं। उसने बयान में बताया कि नंदानगर निवासी यशस्वी से 28 मई 2023 को शादी हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के एक माह पूर्व रिश्ता तय करने पर ही उससे नेग के रूप में 50 हजार रुपये ले लिए थे।
सगाई के बाद भी वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई और होटल, गार्डन, आभूषणों की जिम्मेदारी भी वकुल पर थोप दी। शादी के अगले दिन ही उसने वकुल से कहा कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। अभी भी उसको पति का दर्जा नहीं देती है। उसको तो आइपीएस और आइएएस से शादी करना थी। उसने लाखों रुपये वकुल और उसके स्वजन से ले लिए थे।
यशस्वी ने वकुल को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने वकुल की पूर्व महिला मित्र के साथ के फोटो एडिट कर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिए। इस मामले में युवती ने यशस्वी के विरुद्ध परदेशीपुरा थाना में एफआईआर दर्ज करवा दी थी। यशस्वी ने बदला लेने के लिए वकुल के विरुद्ध परदेशीपुरा थाना में दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज करवा दी। वह समझौता और बदनाम करने की धमकी देकर 50 लाख रुपयों की मांग कर रही थी। एसआई अंजू बक्शी ने मामले की जांच की और मंगलवार को पिता-पुत्री के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली।