
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोम्मटगिरी सांची पॉइंट के सामने शनिवार शाम लगभग सात बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिवाली की खरीदारी कर ई-रिक्शा से उतर रही सवारियों को एक बेकाबू चार पहिया वाहन बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आठ साल के मासूम बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां और दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना बड़ा बांगड़दा स्थित आई-ब्लॉक मल्टी के पास की है। यहां दीपावली की खरीदारी कर ई-रिक्शा से वापस लौटे सरिता और उनका आठ साल का बेटा आर्यन पिता किशोर उतर रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान आर्यन, उसकी मां सरिता और एक अन्य महिला सहित चार लोगों को चोटें आईं।
आर्यन सड़क की तरफ उतरने के चलते टक्कर के बाद दूर जा गिरा। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान आर्यन की मौत हो गई। वहीं, सरिता का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार दोनों दीपावली के कपड़े खरीदने गए थे और खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। आर्यन के पिता मजदूरी करते हैं। परिवार में एक अन्य बेटा भी है। हादसे में घायल लोग मजदूर वर्ग से जुड़े हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार पहिया बोलेरो में कंबल भरे हुए थे और उसका ड्राइवर शराब के नशे में था। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है। वहीं ड्राइवर मौके से फरार हो गया था, उसकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ₹500 मांगने पहुंची थी पड़ोसन, झुमके देख बिगड़ी नीयत, मुंह-नाक दबाकर मार डाला; महिला की हत्या का खुलासा