इंदौर में मालवा मिल पुल के बाद अब इंडस्ट्री हाउस के पास का पुल होगा चौड़ा, चार करोड़ आएगी लागत
शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चौड़ीकरण को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने न्यू पलासिया स्थित ओम शांति भवन से अपना स्वीट्स तक जाने वाले रोड का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान महापौर को जानकारी दी गई कि ठेकेदार द्वारा सड़क का काम नहीं किया जा रहा है।
Publish Date: Fri, 24 Oct 2025 07:18:05 PM (IST)
Updated Date: Fri, 24 Oct 2025 07:22:23 PM (IST)
इंदौर के मालवा मिल के पुल का फाइल फोटो।HighLights
- मालवा मिल पुल के बाद अब इंडस्ट्री हाउस के पास का पुल होगा चौड़ा, चार करोड़ आएगी लागत।
- ठेकेदार द्वारा सड़क का काम नहीं करने पर अमानत राशि जब्त कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश।
- खास बात यह कि चौड़ीकरण के दौरान आवागमन जारी रहेगा। वाहन वर्तमान पुल से आ-जा सकेंगे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मालवा मिल पुल चौड़ीकरण के बाद अब नगर निगम इंडस्ट्री हाउस के पास के पुल के चौड़ीकरण का काम करेगा। वर्तमान में यह पुल लगभग 30 फीट चौड़ा है। निगम ने इसे 100 फीट चौड़ा करने की योजना बनाई है। विशेष बात यह कि चौड़ीकरण का काम वर्तमान पुल को तोड़े बगैर किया जाएगा।
शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चौड़ीकरण को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने न्यू पलासिया स्थित ओम शांति भवन से अपना स्वीट्स तक जाने वाले रोड का अवलोकन भी किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर को जानकारी दी गई कि ठेकेदार द्वारा सड़क का काम नहीं किया जा रहा है। इस पर महापौर ने नाराजगी जताई और काम नहीं कर रहे ठेकेदार की अमानत राशि जब्त कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चौड़ीकरण के दौरान आवागमन जारी रहेगा
- जंजीरवाला चौराहा से इंडस्ट्री हाउस की ओर जाने के बीच जो पुल बना हुआ है वह वर्तमान में बहुत संकरा है। इस वजह से दिनभर यहां जाम की स्थिति बनती है। इसके चलते एबी रोड पर यातायात का दबाव भी बढ़ता है।
- महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर ने बताया कि नगर निगम ने वर्तमान पुल को तोड़े बगैर चौड़ीकरण का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि चौड़ीकरण के दौरान आवागमन जारी रहेगा।
- वाहन वर्तमान पुल से आ-जा सकेंगे। निगम वर्तमान पुल के दोनों और चौड़ीकरण करते हुए नया निर्माण करेगा। बाद में इसे वर्तमान पुल से जोड़ दिया जाएगा।
- पुल चौड़ीकरण पर लगभग चार करोड़ रुपये खर्चा आएगा। पुल को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसके बाद आवागमन में आने वाली बाधा दूर होगी और नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी।