इंदौर में छात्र का डीपफेक वीडियो बनाकर मां से वसूले एक लाख रुपये, जांच में बिहार कनेक्शन आया सामने
इंदौर में AI और डीपफेक तकनीक का उपयोग कर साइबर ठगों ने 10वीं के लापता छात्र का फर्जी वीडियो बनाकर उसकी मां से एक लाख रुपये वसूले। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 27 Feb 2026 12:13:25 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Feb 2026 12:13:25 AM (IST)
AI और डीपफेक से ठगी, बिहार कनेक्शन आया सामने (AI Generated Image)HighLights
- रकम बिहार के एटीएम से निकली
- नालंदा गिरोह पर पुलिस को शक
- VPN उपयोग की आशंका जताई गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक (DeepFake) के जरिए की गई साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बिहार लिंक मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में बिहार के नालंदा क्षेत्र का गिरोह शामिल हो सकता है, जो देशभर में इस प्रकार की ठगी को अंजाम देता है।
लापता छात्र का बनाया फर्जी वीडियो
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार 10वीं का एक छात्र 2 फरवरी को पिता की डांट के कारण घर से निकल गया था। स्वजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई और इंटरनेट मीडिया पर उसकी फोटो के साथ संदेश प्रसारित किया।
साइबर अपराधियों ने इंटरनेट मीडिया से जानकारी जुटाकर छात्र का एआइ की मदद से फर्जी वीडियो तैयार किया। इसके बाद उसकी मां को वीडियो कॉल कर धमकाया गया कि उनका बेटा उनके कब्जे में है। डर के कारण परिवार से एक लाख रुपये वसूल लिए गए।
छात्र लौटने पर खुला राज
जब छात्र घर लौट आया, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद स्वजनों ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की राशि बिहार के एक एटीएम से निकाली गई है। इससे पुलिस को बिहार के नालंदा गिरोह पर संदेह गहराया है।
एडीसीपी के मुताबिक आरोपितों ने संभवतः अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन का उपयोग किया है। शुक्रवार को छात्र के माता-पिता को बुलाकर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पुलिस ने दी सावधानी बरतने की सलाह
पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगर कोई परिचित बनकर पैसे मांगे तो अचानक सवाल पूछें और वीडियो कॉल पर लाइव मूवमेंट, जैसे हाथ हिलाने, के लिए कहें। कॉल कटने पर स्वयं उसी नंबर पर दोबारा संपर्क करें। इंटरनेट मीडिया पर डीपी लगाते समय सावधानी रखें और हाई रिज्यूलेशन फोटो साझा करने से बचें।
यह भी पढ़ें- घर से नाराज होकर घूमने गया बच्चा, AI से किडनैप का वीडियो बनाकर इंदौर में माता-पिता से ठगे लाखो रुपये