
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों की गूंज के आयोजन के लिए 12 सितंबर को इंदौर आएंगे। इस आयोजन में नेता प्रतिपक्ष युवाओं व जेन-जी से बात करेंगे।
कोटा, प्रयागराज, पुणे और देहरादून में छात्रों की गूंज श्रृंखला में हुए आयोजन की तरह ही इंदौर का कार्यक्रम भी होगा। एक कंसर्ट के साथ आयोजन शुरू होगा। राहुल गांधी मप्र और देश के युवाओं से जु़ड़े मुद्दों पर एक प्रेजेंटेशन देंगे। इसके बाद युवाओं और राहुल के बीच सीधे सवाल-जवाब होंगे।
शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बिजलपुर स्थित घर पर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। आयोजन की रुपरेखा लेकर राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू दिल्ली से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को आयोजन के बारे में बताया। साथ ही आयोजन की रूपरेखा तय करने को लेकर मंथन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर वरिष्ठ नेताओं से सुझाव मांगे गए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे के साथ वरिष्ठ नेता सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा व इंदौर के विधानसभा प्रभारी भी इस बैठक में मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल भंवरकुआं के आसपास रखने की बात तय हुई, ताकि विद्यार्थी यहां तक आसानी से पहुंच सकें।
सूत्रों के मुताबिक आयोजन में प्रस्तुति देने के लिए कोई बड़ा गायक या म्युजिकल ग्रुप आएगा। उसका नाम भी दिल्ली से तय होगा। बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर चार दिनों के लिए नेहरू स्टेडियम को आरक्षित करने की मांग की है।