

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (इंदौर जू) में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक अनोखा और थ्रिलिंग अनुभव शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अनूठे अंदाज में तोते उड़ाकर देश के पहले 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर का लोकार्पण किया। इस नई तकनीक के माध्यम से अब चिड़ियाघर आने वाले पर्यटकों को केवल जानवरों को देखने का ही नहीं, बल्कि जंगल के रोमांच को करीब से महसूस करने का भी मौका मिलेगा।
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसमें मौजूद 14 विशेष सेंसरी इफेक्ट्स हैं। शो के दौरान जब स्क्रीन पर बारिश होगी तो दर्शकों पर पानी की बूंदें गिरेंगी। हवा के झोंके, कोहरा, बुलबुले, कंपन और दृश्यों के अनुसार हिलती-डुलती सीटें दर्शकों को वास्तविक जंगल का अहसास कराएंगी। इस थिएटर में लगाई गई विशेष वाटरप्रूफ स्क्रीन को दक्षिण कोरिया से आयात किया गया है, जो दृश्यों की जीवंतता को कई गुना बढ़ा देती है।

थिएटर में दर्शकों का प्रवेश परिसर में बने एक विशाल गोरिल्ला के मुख से होगा। टिकट लेकर आगे बढ़ते ही डिम लाइट और नियोन रोशनी के बीच 3D जंगल का माहौल नजर आएगा, जहाँ दीवारों पर विशाल पेड़, बाघ और शेरों की आकृतियाँ उकेरी गई हैं।
3D चश्मा पहनकर मूविंग सीटों पर शुरू होने वाला यह शो कुल 20 मिनट का है, जिसे दो भागों में विभाजित किया गया है:
जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि दर्शकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है और प्रत्येक सीट पर ग्रिपिंग सिस्टम व सीट बेल्ट लगाए गए हैं।

थिएटर के अनुभव के बाद पर्यटक ग्लो गार्डन में प्रवेश करेंगे, जहाँ बोलता हुआ पेड़ और शेर उनका स्वागत करेंगे। फाइबर ऑप्टिक लाइट्स से जगमगाते इस गार्डन में कदम रखते ही तितलियाँ और पौधे रोशन हो उठेंगे।
इसके बाद पर्यटक भालू और शेर की दहाड़ के बीच भूल-भुलैया में सही रास्ता तलाशेंगे। आगे मिरर ब्रिज पर होलोग्राम के जरिए हनुमान जी के दर्शन होंगे। यात्रा का अंत 3D वाइल्डलाइफ इमर्सिव सफारी और 10 मिनट के 3D डोम शो के साथ होगा। पूरे भ्रमण के बाद दर्शक जू परिसर में स्थित कैंटीन में प्रसिद्ध इंदौरी व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे।

यह भी पढ़ें- MP High Court में बंपर भर्ती, असिस्टेंट ग्रेड-3 के 1174 पदों पर नोटिफिकेशन जारी, कल से करें आवेदन