
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रात के आठ बजे का वक्त... स्टेडियम में फैंस की तेज आवाजें और इसी बीच सफेद कपड़ों और सनग्लासेस में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ अपने अंदाज में अपने फैंस के बीच एंट्री लेते हैं। दिलजीत दोसांझ ने 'आरा इंडिया टूर 2026' के तहत रविवार रात इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट किया। चांद के प्लेटफॉर्म से उनकी एंट्री हुई तो पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठा। दिलजीत ने हाथ उठाकर फैंस का अभिवादन किया और इसी के साथ गानों का सिलसिला भी शुरू हो गया।
कॉन्सर्ट रात आठ बजे शुरू हुआ, लेकिन स्टेडियम में दोपहर दो बजे से ही फैंस का पहुंचना शुरू हो गया था। मंच पर दिलजीत ने अपने करियर के अलग-अलग दौर के गानों को जगह दी। शुरुआत से ही एक के बाद एक हिट गाने सुनने को मिले। '5 तारा', 'गोट' और 'बॉर्न टू शाइन' पर फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा था।
'डू यू नो' शुरू होते ही हजारों लोग दिलजीत के साथ गाने लगे। मंच से उठती आवाज और दर्शकों की आवाज मिलकर ऐसा माहौल बना रही थी, जैसे पूरा स्टेडियम एक साथ गा रहा हो। दिलजीत ने पंजाबी पॉप के साथ लोक संगीत का रंग भी जमाया और फैंस को फिर थिरकने पर मजबूर कर दिया।
कॉन्सर्ट में सिर्फ गाने ही नहीं, बल्कि लाइट और आतिशबाजी ने भी खास रंग जमाया। कभी आसमान आतिशबाजी से चमकता तो कभी लेजर की रोशनी पूरे स्टेडियम में अलग-अलग रंग बिखेर रही थी। फैंस के हाथों में बंधे लाइट बैंड गानों की धुन के साथ एक साथ चमकते और थिरकते नजर आए। रात करीब नौ बजे दिलजीत ने दस मिनट का ब्रेक लिया। इस दौरान उन्होंने शायर राहत इंदौरी को याद किया और उनका एक शेर भी सुनाया।
दिलजीत दोसांझ का जादू इंदौर में फैंस के सिर चढ़कर बोला। उनके कॉन्सर्ट को देखने के लिए पंजाब से भी बड़ी संख्या में फैंस इंदौर पहुंचे। इस भीड़ में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहे नन्हे फैंस। कई बच्चे अपने चहेते स्टार दिलजीत के अंदाज में तैयार होकर पहुंचे थे। सफेद कपड़े, काले सनग्लासेस और सिर पर स्टाइलिश पगड़ी पहनकर बच्चों ने हूबहू दिलजीत जैसा लुक अपनाया। उनके चेहरे पर अपने पसंदीदा सिंगर को देखने की खुशी साफ झलक रही थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल के पानी में मिला इंदौर वाला जानलेवा बैक्टीरिया, निगम ने ई-कोलाई मिलने का दावा किया खारिज