इंदौर में शराब के नशे में कार सवार युवकों ने किया हंगामा, चेकिंग पाइंट पर कांस्टेबल और थाने में संतरी को मारा चांटा
इंदौर के कनाड़िया थाना इलाके में चेकिंग पाइंट पर पुलिस ने शराब के नशे में कार चला रहे दो युवकों को पकड़ा था, जिसके बाद वो हंगामा करने लगे। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 30 Mar 2026 07:44:25 AM (IST)Updated Date: Mon, 30 Mar 2026 07:49:41 AM (IST)
पुलिस युवकों को पकड़कर थाने ले गई तो वहां भी हंगामा करने लगे।HighLights
- दोनों आरोपियों को छोड़ने के लिए रसूखदारों ने फोन लगाए
- ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर पता चला शराब पी रखी है
- चेकिंग पाइंट पर प्रधान आरक्षक की वर्दी भी पकड़ ली थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बिचौली मर्दाना में कार चालकों ने खूब हंगामा किया। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और सिपाही को चांटा जड़ दिया। कार्रवाई के लिए थाने ले गए तो संतरी पर हाथ उठा दिया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, ड्रिंक एंड ड्राइव और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपियों को छुड़वाने के लिए रसूखदारों ने भी कॉल लगाए।
घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र में के-2 ढाबा के समीप की है। आरोपित यशवर्धन रोहित खंडेलवाल निवासी साउथ तुकोगंज और करण पुत्र राजकुमार निवासी साउथ तुकोगंज हैं। दोनों शराब पार्टी कर लौट रहे थे। पुलिस लाइन से आए पुलिसकर्मियों ने कार (एमपी 09 डब्ल्यूएम 2288) को रोका और ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने लगे।
सिपाही को चांटा मारा और प्रधान आरक्षक की वर्दी पकड़ ली
शराब की पुष्टि होने पर सिपाही ने कार साइड में लगाने का कहा तो यशवर्धन भड़क गया और विवाद करने लगा। सिपाही को चांटा मारा और प्रधान आरक्षक पुनित चौबे की वर्दी पकड़ ली। विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मी यशवर्धन और करण को पकड़कर थाने पर ले गए।
संतरी नारायण जाट ने नाम-पता पूछा तो उसको भी चांटा मार दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया। अल्कोहल की मात्रा 265.9 मिलने पर ड्रिंक एंड ड्राइव का चालान बनाया और हंगामा करने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसीपी कुंदन मंडलोई की कोर्ट में पेश किया।