
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ईरान-इजराइल युद्ध के बीच पेट्रोल-डीजल के साथ ही गैस की किल्लत को लेकर लोगों में पैनिक फैल रहा है। व्यवसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने के बाद इंदौर में आमजन धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग कर रहे हैं। बीते दो दिन में सामान्य दिनों की अपेक्षा 10 गुना अधिक बुकिंग बढ़ चुकी है। हालाकि तय नियमों के अनुसार शहर में घरेलू गैस की सप्लाई नियमित हो रही है। अवंतिका गैस लाइन से भी घरों तक सप्लाई पहुंच रही है।
गैस को लेकर फैल रहे पैनिक के बीच कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में गैस आपूर्ति की समीक्षा की। इसमें बीपीसीएल, एचपीसीएल, आइओसी, अवन्तिका के सेल्स अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि हाल ही में लोगों में आशंका के कारण बुकिंग में अचानक वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों के आंकड़ों में सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक बुकिंग दर्ज की गई है, जिससे यह स्पष्ट है कि लोगों में अनावश्यक भय का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि 14 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बुकिंग के आधार पर सिलेंडर मिलते रहेंगे।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि तय समय पर सिलिंडर की सप्लाई हो रही है। ऑयल कंपनियों द्वारा केवल इतना बदलाव किया गया है कि सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। उपभोक्ताओ को सामान्यतः बुकिंग के तीन दिन के भीतर डिलेवरी घर पर ही ओटीपी के माध्यम से दी जा रही है। ऐसे में सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगले सिलिंडर की डिलीवरी होगी।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित है। इसलिए होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक काइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। कलेक्टर वर्मा ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं होने दी जाए।
बैठक में बताया गया कि शैक्षणिक संस्थान और अस्पतालों के लिए आयल कंपनी द्वारा दी गई छूट अनुसार कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी। प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए तीन जांच दल गठित किए गए हैं, जो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- घबराएं नहीं इंदौर वाले! गैस और पेट्रोल की किल्लत की अफवाह से मची हलचल, कलेक्टर बोले - 'स्टॉक भरपूर है'