इंदौर अग्निकांड का खौफनाक मोड़... जले हुए घर से आ रही सड़ांध, रहवासियों को शव के अवशेष होने का शक
बृजेश्वरी एनएक्स में हुए अग्निकांड में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन अभी तक शव के अवशेष पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस की कई टीम जांच कर रही है, ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Mar 2026 09:49:54 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Mar 2026 09:49:54 PM (IST)
इंदौर अग्निकांड का खौफनाक मोड़, AI Generated Imageनईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बृजेश्वरी एनएक्स में हुए अग्निकांड में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन अभी तक शव के अवशेष पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस की कई टीम जांच कर रही है, लेकिन अभी तक उनके हाथ खाली हैं। इधर घर के अंदर से शव डिकंपोज होने की बदबू पूरे मोहल्ले में आ रही है। इस संबंध में रहवासियों ने पुलिस को शिकायत की है। रहवासियों ने शिकायत में बताया है कि घर के सामने से निकलते हैं या फिर जब हवा चलती है तो शव डिकंपोज जैसी बदबू आती है। शनिवार को रहवासियों ने शिकायत की थी, इसके बाद रविवार को पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची थी। लेकिन पुलिस को वहां किसी प्रकार का कोई अवशेष नहीं मिला है।
तनय के शरीर का अब तक मिला है सिर्फ एक हिस्सा
रहवासियों का कहना है कि घर में शव के मानव अंग या फिर शरीर के अवशेष हो सकते हैं। यह तनय के अलावा अन्य सदस्य के भी हो सकते हैं। यह घर में ही होंगे, जिनकी तलाश करनी चाहिए। बता दें कि तनय के शरीर का हिस्सा पूरा पुलिस को अब तक नहीं मिला है। अभी तक सिर्फ एक पैर ही मिला है, जिसका पोस्टमार्टम करवाया गया है। घर से आ रही बदबू के संबंध में पुलिस का कहना है कि किचन में रखे फ्रिज में खाना सड़ा हुआ रखा है, जिसके कारण यह बदबू आ रही होगी। हमारी टीम जब जांच के लिए पहुंची तो हमें घर के अंदर ऐसा कुछ नहीं मिला है। बता दें कि अभी घर सील किया हुआ है और अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
फॉरेंसिक जांच के लिए भोपाल और सागर भेजे गए सैंपल
हादसे के समय घर में लगे सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी जल गए हैं। ऐसे में पुलिस ने इलेक्ट्रिक बोर्ड, डीवीआर, केबल के सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित साइबर लैब में भेजे हैं। पुलिस डीवीआर को रिकवर करना चाह रही है। भोपाल स्थित लैब में संभावना है कि डीवीआर से डाटा मिल जाए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। इसी प्रकार तनय का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। इसके लिए उसके पैर की हड्डी को जांच के लिए सागर लैब भेजा है। इसके अलावा कार में मिली राख को भी जांच के लिए भेजा है।
सील बंद घर में बिखरा पड़ा है सामान, आगे की सर्चिंग अभी बाकी
हादसे में घर का किचन भी पूरी तरह जल गया है। किचन में रखा सामान जैसा जला था, वैसा ही बिखरा हुआ रखा है। हादसे के बाद अभी तक इसके ड्रॉज भी नहीं खोले गए हैं। अभी फ्रिज भी नहीं खोला गया है। फॉरेंसिक टीम सहित अन्य टीम द्वारा आगे की जांच में यहां की सर्चिंग की जाएगी। पुलिस ने बाहर ताला लगा दिया है और सुरक्षा के लिहाज से निगरानी रखी जा रही है ताकि फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।