
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भ्रष्ट हेड कांस्टेबल फिरोज खान की संपत्ति का आंकड़ा रुक नहीं रहा है। लोकायुक्त पुलिस 64 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति ढूंढ चुकी है। दो करोड़ से ज्यादा की कृषि भूमि की जांच चल रही है। इसमें फिरोज खान का नाम बतौर गवाह है लेकिन पुलिस को शक है पूरा खेल फिरोज का ही है।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) में पदस्थ फिरोज खान की देवास, सांवेर, देपालपुर, रंगवासा सहित विभिन्न जगहों पर 64 करोड़ रुपये की संपत्ति निकाल चुकी है। प्रधान आरक्षक फिरोज चालक की नौकरी करता था। उसने लकड़ी तस्करी कर नेटवर्क स्थापित किया और विवादित जमीनों की खरीदी-बिक्री शुरू कर दी।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार सांवेर रोड स्थित एक जमीन का दस्तावेज हाथ लगा है। श्याम इन्फ्रा के नाम से इसकी लिखापढ़ी हुई है। रविकांत द्वारा सौदा किया गया है। फिरोज का गवाह के स्थान पर फोटो लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में मासूमों से हैवानियत, कन्या भोज पर बुलाकर 7 बच्चियों को बनाया बंधक, कपड़े उतारकर ली तलाशी; बेरहमी से पीटा
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार रविकांत भी फिरोज के साथ मिलकर जमीनों के सौदे करता है। उसके बेटे युवराज का नाम एक फर्म में मिला है। उसमें फिरोज की पत्नी हीना खान भी हैं। इससे संगठित रूप से काम करने की पुष्टि होती है। किसान का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उसने एसडीएम कार्यालय से नामांतरण पर रोक लगा रखी है। लोकायुक्त पुलिस ने एसडीएम कार्यालय से जानकारी मांगी है।