इंदौर में फैली गैस, लोगों की आंखों में जलन... सांस लेने में परेशानी, मची अफरा-तफरी
इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात एक कबाड़ी द्वारा पुराना गैस सिलिंडर काटने के दौरान गैस फैल गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 27 Feb 2026 06:43:24 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Feb 2026 07:10:15 AM (IST)
रावजी बाजार में गैस फैलने से मची अफरा-तफरीHighLights
- रावजी बाजार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
- कबाड़ी शहजाद सिलिंडर काट रहा था
- अमोनिया गैस होने की आशंका
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गुरुवार रात शहर के रावजी बाजार क्षेत्र में गैस फैलने से हड़कंप की स्थिति बन गई। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब रास्ते से गुजर रहे लोगों और वाहन चालकों को अचानक आंखों में जलन महसूस होने लगी। कुछ ही देर में क्षेत्र में खड़े और पैदल जा रहे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और तेज खांसी की शिकायत होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कबाड़ी द्वारा सिलिंडर काटने से फैली गैस
प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि क्षेत्र की एक दुकान में शहजाद नामक कबाड़ी एक पुराना गैस सिलिंडर काट रहा था। इसी दौरान सिलिंडर से गैस बाहर निकल गई, जिससे आसपास मौजूद लोग प्रभावित हुए। आशंका जताई जा रही है कि सिलिंडर में अमोनिया गैस हो सकती है, जिसका उपयोग पानी शुद्धिकरण और विभिन्न उद्योगों में किया जाता है। बताया जा रहा है कि पुराने सिलिंडर के निचले हिस्से में जमा गैस कटाई के दौरान बाहर निकली।
पुलिस ने किया बचाव कार्य
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। गैस के प्रभाव को कम करने के लिए सिलिंडर पर फोम और पानी का छिड़काव किया गया। ठंडी हवा के कारण गैस जल्दी वातावरण में घुल नहीं पाई, जिससे लोगों को अधिक परेशानी हुई।
कुछ लोग एहतियातन अस्पताल भी पहुंचे। फिलहाल कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है कि सिलिंडर कहां से लाया गया और उसमें कौन सी गैस भरी थी। मामले की जांच जारी है।