सोने-चांदी में निवेशकों की मांग रहने से कीमतों में तेजी जारी
बुधवार को कामेक्स पर सोना वायदा 16 डालर उछलकर 4794 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 56 सेंट बढ़कर 77.64 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 09:47:37 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 09:54:52 PM (IST)
इंदौर में सोने और चांदी के दाम।HighLights
- सिल्वर सर्वे में आशंका जताई है कि इस पूरे साल चांदी की आपूर्ति में कमी दिख रही है।
- चांदी सीएमई वाल्ट में जाने से बाजार में कमी रहेगी। 2025 में मांग 2 प्रतिशत गिरी थी।
- भले औद्योगिक मांग गिरे लेकिन आपूर्ति तंग रहने से चांदी के लिए साल अच्छा ही रहेगा।
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। अमेरिका और ईरान ने लंबे समय तक चलने वाले सीज़फ़ायर के लिए बातचीत फिर से शुरू करने की इच्छा जताई थी। होर्मुज़ जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी के बाद तनाव बढ़ने के बावजूद, दोनों पक्षों ने बातचीत के प्रति खुलापन दिखाया।
इससे जोखिम की भावना को स्थिर करने में मदद मिली और साथ ही सुरक्षित-निवेश के तौर पर सोने-चांदी की मांग में इजाफा हुआ है जिससे अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में एकतरफा तेजी की स्थिति बनी हुई है। सोने की तुलना में चांदी में ज्यादा बढ़त देखने को मिल रही है।
हाल ही में सिल्वर सर्वे में आशंका जताई है कि इस पूरे साल चांदी की आपूर्ति में कमी दिख रही है। चांदी सीएमई वाल्ट में जाने से बाजार में कमी रहेगी। 2025 में मांग 2 प्रतिशत गिरी थी। इस साल भी भले औद्योगिक मांग गिरे लेकिन आपूर्ति तंग रहने से चांदी के लिए साल अच्छा ही रहेगा।
बुधवार को कामेक्स पर सोना वायदा 16 डालर उछलकर 4794 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 56 सेंट बढ़कर 77.64 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके चलते भारतीय बाजारों में दोनों धातुओं की कीमतों में बढ़त का सिलसिला जारी रहा।
इंदौर में चांदी चौरसा 1700 रुपये उछलकर 244500 रुपये प्रति किलो और सोना केडबरी 900 रुपये सुधरकर 153600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस बीच, लंदन के वॉल्ट में चांदी का भंडार 1.6 फीसदी बढ़कर 27,487 टन हो गया, जो संस्थागत निवेशकों की लगातार दिलचस्पी को दर्शाता है। जबकि पैरू और रूस में चांदी का उत्पादन बढ़ा है।
कामेक्स वायदा
सोना वायदा 4794 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4870 डालर और नीचे में 4785 डालर प्रति औंस और चांदी 77.46 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 80.98 डालर और नीचे में 78.22 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव
सोना केडबरी रवा नकद में 153600, सोना आरटीजीएस में 151800 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 139200 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। मंगलवार को सोना 152700 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 244500, चांदी आरटीजीएस 250000 चांदी टंच 245000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2600 रु. प्रति नग बिका। मंगलवार को चांदी 242800 रु. पर बंद हुई थी।