
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। होली के बाद अब रंगपंचमी पर 8 मार्च को रविवार के दिन इंदौर अपना रंगों में डूबा रंग दुनिया को दिखाएगा। इस बार जहां राजवाड़ा क्षेत्र में चार गेर और दो फाग यात्राएं निकलेंगी, बरसते रंगों के बीच बरसाने की लट्टमार होली और राधाकृष्ण का महारास होगा। राजवाड़ा पर गेर पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा होगी। पंचमी के पहले शनिवार को आयोजकों ने तोप से फूल और मिसाइलों से रंग बरसाकर टेस्टिंग भी की। आयोजन समितियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। राजवाड़ा के साथ ही शहर के अन्य क्षेत्र से भी हुरयारों की टोली निकलेगी।
संस्था सृजन की संगम कार्नर से निकलने वाली सामाजिक समरसता रंगरंगा गेर का यह 76वां वर्ष है। इस बार 8 हजार किलो टेसू के फूल से तैयार 2500 किलो रंग-गुलाल उड़ाया जाएगा। अध्यक्ष कमलेश खंडेलवाल के अनुसार राजवाड़ा पर बरसाना की लट्टमार होली, राधा कृष्ण का रास और मिसाइलों के जरिए आसमान में तिरंगा बनेगा।
"रसिया कॉर्नर की गेर" की 53वीं गेर सुबह 10 बजे हरि राम मंदिर पर पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी। संयोजक राजपाल जोशी के अनुसार इसमें शामिल वाहन पर भगवा ध्वजा लगाए जाएंगे। लव जिहाद के प्रति लोगों को जागृत किया जाएगा।
सबसे पुराने टोरी कार्नर के संस्थापक शेखर गिरि के अनुसार गेर का यह 77वां वर्ष है। गेर की शुरुआत सुबह 10.30 बजे होगी। इसमें पांच टैंकर में 6 मिसाइलों से पानी उड़ाया जाएगा। मारल क्लब की गेर का यह 52वां वर्ष है। छीपा बाखल से निकलने वाली गेर के लिए इस बार विशेष तैयारी की जा रही है।
हिंद रक्षक की फाग यात्रा नृसिंह बाजार स्थित बद्रीनारायण मंदिर से सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसमें बरसाने के लिए पलाश के फूल से प्राकृतिक रंग तैयार किया गया। संयोजक एकलव्य लक्ष्मण सिंह गौड़ ने बताया यात्रा का 28वां वर्ष है। इसमें महाकाल के भस्म आरती के पश्चात होने शृंगारित स्वरूप को दर्शाया जाएगा।
कुशवाह नगर चौराहा से मरीमाता चौराहा तकराधा कृष्ण रास रंग फाग यात्रा सुबह 9 बजे निकाली जाएगी। इसमें तीन सौ फीट दूरी तक रंग गुलाल बरसाने वाली मिसाइलें, फूलों की तोप, आदिवासी नृत्य मंडलियां, गरबा मंडलियां, भजन मंडलियां भी अपनी प्रस्तुतियां देते हुए चलेंगी। यात्रा में सामाजिक समरसता, सनातन धर्म, लव जिहाद पर केन्द्रित झांकियां रहेगी।
संस्था अग्रमंच द्वारा शहर की पहली पारिवारिक रंगारंग रास उल्लास फाग यात्रा अग्रवाल नगर बगीचा से सुबह 9 बजे निकलेगी। संस्थापक आशीष गोयल के अनुसार इसमें श्याम बाबा रथ से रंग बरसाएंगे। यह यात्रा पिछले दस वर्ष से पारिवारिक माहौल में आयोजित किए जा रहे है। बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, बच्चे एक साथ फाग यात्रा में शामिल होंगे।
राजवाड़ा पर निकलने वाली गेर पर हेलीकाप्टर से गुलाल और फूलों की वर्षा की जाएगी। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने गेर के स्वागत की विशेष योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि हुरियारों पर फूलों और गुलाल की वर्षा करेंगे। इंदौर के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला स्वागत होगा, जो इस उत्सव के उत्साह को दोगुना कर देगा।