इंदौर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण, अब हवाई चप्पल वाला भी भरेगा उड़ान, सीएम मोहन यादव ने दी सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के टर्मिनल एक बिल्डिंग का लोकापर्ण किया। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री कि ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 29 Mar 2026 09:42:51 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Mar 2026 09:42:51 PM (IST)
इंदौर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण।HighLights
- MP में हवाई सेवाओं का महा-विस्तार
- हर 150 किमी पर होगा एयरपोर्ट
- मिला अमेरिकी क्वालिटी सर्टिफिकेट
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच और दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज समाज के हर तबके के लिए हवाई यात्रा संभव हुई है। अब हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज की यात्रा करने में सामर्थ्य हुआ है। भारत में हवाई सेवाओं का विस्तार जितनी तेजी से हो रहा है वह अकल्पनीय है। ये बातें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के टर्मिनल एक बिल्डिंग के लोकापर्ण के अवसर पर कही।
इंदौर की बेहतरीन हवाई सुविधाएं सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत भी की गई है, इससे गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को त्वरित उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जा रहा हैं। इंदौर शहर की बेहतरीन हवाई सुविधाओं को अमेरिका क्वालिटी काउंसिल ने क्वालिटी सर्टिफिकेट से सम्मानित किया है। रविवार को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांउसिल की ओर से दिया गया क्वालिटी सार्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन इंदौर एयरपोर्ट के पदाधिकारियों को सौंपा और बधाई दी। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद थे।
हर 150 किमी पर कमर्शियल एयरपोर्ट का लक्ष्य
प्रदेश में हर 150 किमी पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट विकसित करने का है सरकार का लक्ष्य। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड्स मौजूद हैं। बीते दो साल में ही प्रदेश में रीवा, सतना और दतिया में नए एयरपोर्ट का सफल संचालन हमने शुरु किया है। उज्जैन और शिवपुरी में भी नया एयरपोर्ट बनाने की तैयारी कर ली है। इससे प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट्स हो जाएंगे।
सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट, हर 75 किलोमीटर पर एक एयरस्ट्रिप और हर 45 किलोमीटर पर एक हेलीपैड की सुविधा उपलब्ध हो। इस दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं।