
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कभी देश के सर्वेश्रेष्ठ एयरपोर्ट में सुमार रहने वाला इंदौर एयरपोर्ट अब यात्री सुविधाओं में फिसड्डी साबित हो रहा है। हालही में जारी वर्ष 2026 की पहली तिमाही (जनवरी से मार्च) में 13वें पायदान पर पहुंच गया। वर्ष 2025 की आखरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर) में इंदौर एयरपोर्ट छठवें पायदान रहा था।
इंदौर महज 4.87 अंक ही प्राप्त कर सका, जबकि 4.96 अंक के साथ पुणे पहले पायदान पर रहा। वहीं 4.95 अंक के साथ चेन्नई दूसरे और 4.94 अंक के साथ गोवा तीसरे पायदान पर रहा। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट इस साल की पहली तिमाही में यात्री सुविधाओं पर खरा नहीं उतर सका।
31 पैरामीटर में से 28 में कम अंक मिलने के कारण इंदौर एयरपोर्ट को देश के 13वें पायदान पर धकेल दिया। हाल ही में जारी हुई एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वे की रिपोर्ट में इंदौर एयरपोर्ट रैकिंग में गिरावट हुई। वर्ष 2024 की पहली और दूसरी रैकिंग में इंदौर 12वें पायदान पर रहा था और अब इससे भी पीछे 13वें पायदान पर पहुंच गया।
इंदौर एयरपोर्ट को वर्ष 2025 की वार्षिक रैंकिंग में तीसरी रैंकिंग मिली थी। इंदौर को पांच अंक में से 4.92 प्राप्त हुए थे। इससे संभावना थी ही वर्ष 2026 की पहली तिमाही में इंदौर शीर्ष में सुमार रह सकता है। हालाकि वर्ष 2024 की वार्षिक रैंकिंग में इंदौर 10वें पायदान पर रहा था। अब साल की पहली तिमाही में ही पिछड़ने से वार्षिक और अगली तिमाही की रैंकिंग पर भी असर पड़ेगा।
इंदौर एयरपोर्ट पर मार्च में भले ही उड़ान कैफे और यात्रियों के लिए वेटिंग क्षेत्र में विस्तार हो गया हो, लेकिन यात्रियों ने अधिकांश सुविधाओं को नकार दिया।सफाई, वाईफाई, चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता, मनोरंजन विश्राम के विकल्प, स्वास्थ्य सुविधा, रास्ता खोजनें में सुविधा, रेस्टोरेंट, बार सुविधा, एयरपोर्ट पर पहुंचने में सुविधा, जांच स्टाफ की शिष्टता आदि 28 पैरामीटर पर यात्री संतुष्ट नहीं रहे और कम अंक दिए।
कालीकट, रायपुर से भी पीछे इंदौर
इंदौर एयरपोर्ट वर्ष 2023 तक देश के चुनिंदा एयरपोर्ट पर होने वाले सर्वे में शीर्ष में सुमार रहता था, लेकिन वर्ष 2026 की पहली तिमाही में इंदौर एयरपोर्ट रायपुर, कोयंबत्तूर, भुवनेश्वर और कालीकट एयरपोर्ट से भी पीछे रह गया। 16 एयरपोर्ट में इंदौर 13वें नंबर पर रहा यानी अब इंदौर से पीछे सिर्फ श्रीनगर, पोर्ट-ब्लेयर और अमृतसर एयरपोर्ट ही है।
एयरपोर्ट पर सालाना यात्रियों की संख्या 18 लाख से अधिक होने पर एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) द्वारा एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वे किया जाता है। इसे इंटरनेशनल रैंकिंग सर्वे भी कहा जाता है। एशिया पैसिफिक के 18 देशों के कुल 98 एयरपोर्ट पर यह सर्वे होता है। इसके अंतर्गत भारत में प्रमुख 16 एयरपोर्ट आते हैं।
प्रमुख पांच एयरपोर्ट की 2026 में पहली तिमाही में रैंकिंग
| तिमाही | 2024 | 2025 |
| जनवरी से मार्च | 12 | 4 |
| अप्रैल से जून | 12 | 3 |
| जुलाई से सितंबर | 4 | 4 |
| अक्टूबर से दिसंबर | 2 | 6 |