_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। चार दिन पहले लापता हुई 13 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि बच्ची को लेकर गई आरोपी दिव्या उर्फ प्रिंस उसे अपनी पत्नी बनाना चाहती थी। खुद को पुरुष की तरह रखने वाली दिव्या ने बच्ची को अपनी शादीशुदा परिचित रेशमा के जरिए घर से बुलवाया और फिर उसे पहले उज्जैन तथा बाद में राजस्थान के खाटू श्याम ले गई।
एसीपी विजय चौधरी के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के बाद अपहरण का प्रकरण दर्ज हुआ था। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। बच्ची को सकुशल छुड़ाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। दिव्या और उसकी सहयोगी रेशमा के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दिव्या शहर में एक रेस्टोरेंट चलाती है और खुद को ‘प्रिंस’ कहलाना पसंद करती है। उसका रहन-सहन भी पुरुषों जैसा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह पहले भी एक युवती के साथ पति-पत्नी की तरह रह चुकी है। उस युवती की मांग में सिंदूर भरने और खुद को उसका पति बताने की बातें भी जांच में सामने आई हैं।
फिलहाल पुलिस बच्ची के बयान, आरोपियों के मोबाइल और यात्रा से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
अपनों के बीच ही असुरक्षित बचपन! बच्चों के खिलाफ अपराधों में 80% आरोपी निकले करीबी और परिचित