नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शराब कारोबारी भूपेंद्र उर्फ पिंटू रघुवंशी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। भूपेंद्र विजयनगर क्षेत्र में पार्टनरशिप में तीन पब भी संचालित करता था। उसने पांच पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें मुंबई की इति तिवारी पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने के आरोप लगाए हैं।
एसीपी (अन्नपूर्णा) शिवेंदु जोशी के मुताबिक 46 वर्षीय भूपेंद्र उर्फ पिंटू (धारवाला) भवानीपुर कालोनी में रहता था। उसने सोमवार रात जहर खा लिया। स्वजन गंभीर अवस्था में अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को स्वजन ने पुलिस को बताया कि भूपेंद्र ने पांच पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। इसमें इति तिवारी पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। इति भूपेंद्र से आइफोन-17, कार और फ्लैट की मांग कर रही थी।
वह दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देती थी। भूपेंद्र की शराब दुकानों के साथ शोशा, स्केल और फीचर पब में भी भागीदारी थी। उसने कुछ समय पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से कहानी कैफे भी खोला था। 15 दिन पूर्व भी नशीला स्प्रे पीकर आत्महत्या की कोशिश कर चुका है।
सुसाइड नोट में लिखा- मेरे मरने के बाद घरवालों और दोस्तों को परेशान न करें। इति तिवारी के साथ मेरा रिश्ता दो साल से ज्यादा चला, लेकिन मुंबई जाने के बाद धमकाना शुरू कर दिया। वह रेप का केस लगाने की धमकी देती थी। इसके पीछे कौन है, यह साफ नहीं हुआ। इंदौर आने पर मैंने दीपेश और श्रीकांत को इस बारे में बताया था। उसने हंगामा किया और 25 लाख रुपये में मामला सुलझाया। मैंने मोबाइल, एयरपोर्ट, शापिंग, सैलून के सारे खर्चे उठाए हैं। कुछ समय पूर्व कार के लिए भी बोला था। दो कारों की टेस्ट ड्राइव भी ली थी। उसने मेरा फोन हैक कर रखा है। मुझसे कहा कि सारा रिकॉर्ड है।
मुझे उसके कारण दूसरा फोन लेना पड़ा। उसका एक भी काल मिस नहीं कर सकता था। मैं इंदौर में घूम नहीं सकता। बाहर नहीं जा सकता। वह सब कर सकती है। रेडियो बार में एक प्रैंक के बाद मैं रातभर सो नहीं पाया। अंशुमन को सारी बातों की जानकारी है।
बस रुपयों वाली बात शेयर नहीं की थी। इसके पीछे किसका हाथ है, यह समझ नहीं पाया। आज फोन पर बोली मुझे आइफोन-17, फ्लैट और कार चाहिए। एक बार इंदौर आने पर इसने मेरे दोनों फोन कार के पहियों के नीचे रखकर तुड़वा दिए थे। एक बार इसने वैशाली के सामने ही बैग से मारा था।
पुलिस ने भूपेंद्र के ड्राइवर के कथन लिए तो बताया इति से करीब दो साल पूर्व पब में मुलाकात हुई थी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे थे। उस वक्त इति महालक्ष्मीनगर में रहती थी। भूपेंद्र उससे मिलने जाता था। इति शादीशुदा है। वह मुंबई में जोमैटो में नौकरी करती है। उसने धीरे-धीरे भूपेंद्र को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह सप्ताह में एक बार मिलने आती थी। भूपेंद्र उस पर खूब रुपये खर्च करता था।