
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के सबसे बड़े डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण का लंबे समय से जारी इंतजार बुधवार को खत्म हो जाएगा। इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) इसकी एक भुजा ट्रायल के तौर पर खोली जा रही है। उज्जैन रोड से वाहन फ्लाईओवर का उपयोग कर सीधे मरीमाता की तरफ उतर सकेंगे। वाहनों के ऊपर से निकलने के कारण इससे फ्लाईओवर के नीचे जारी सर्विस रोड निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा हो सकेगा।
लवकुश चौराहा पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की एक लेन तैयार हो चुकी है और आवागमन शुरू किया जा रहा है। उज्जैन रोड से मरीमाता जाने वाली भुजा से आवागमन शुरू होने से वाहनों को चौराहे पर रुकने की आवश्यकता नहीं होगी। ट्रायल के तौर पर इस भुजा से आवागमन शुरू किया जा रहा है, क्योंकि दूसरी भुजा का कार्य अभी बाकी है। इसके पूरा होने के बाद फ्लाईओवर से पूरी तरह से आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। एक भुजा शुरू होने से रोजाना हजारों वाहन चालकों का समय बचेगा और लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। वहीं नीचे यातायात का भार भी कम होगा।
आइडीए सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े का कहना है कि लवकुश चौराहा स्थित फ्लाईओवर की एक भुजा से बुधवार को दोपहर बाद से आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। ट्रायल के तौर पर आवागमन शुरू किया जा रहा है। इससे नीचे सर्विस रोड का निर्माण भी तेजी से किया जा सकेगा।
डबल डेकर फ्लाईओवर के नीचे से मेट्रों का ट्रैक गुजर रहा है। ऐसे में फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू करने के लिए मेट्रों की अनुमति की आवश्यकता थी। मंगलवार को आइडीए के अधिकारियों और मेट्रों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें एक भुजा के ट्रायल के तौर पर शुरू करने की जानकारी दी गई। वहीं अनुमति की प्रक्रिया की गई।
यह भी पढ़ें- ज्योति हत्याकांड फिर चर्चा में... उम्रकैद की सजा पा चुके पति पीयूष को नहीं भेजा सेंट्रल जेल, पिता ने लगाए गंभीर आरोप
लवकुश चौराहा पर बाणगंगा से अरविंदो अस्पताल की तरफ जाने वाली दूसरी भुजा का कार्य जारी है। इसका निर्माण कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर यातायात शुरू कर दिया जाएगा। ब्रिज स्टिंग और एक स्पान पर स्लैब डालने का कार्य किया जाना है। इसके बाद एप्रोच के काम भी होना है। पहली भुजा पर ब्रिज स्टिंग और सेगमेंट का लोड टेस्ट हो जाने से दूसरी भुजा पर लोड टेस्ट की जरूरत नहीं है।