
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: हिमालय से आ रही उत्तरी हवाओं ने इंदौर का पारा गिराया। शुक्रवार को शहर में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार देश के दस प्रमुख सबसे ठंडे शहरों में इंदौर शहर शामिल हुआ। इंदौर में इस दिसंबर माह में गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।
| शहर | तापमान (°C) |
|---|---|
| श्रीनगर | -2.1 |
| काजीगुंड | -1.8 |
| गुलमर्ग | 1.0 |
| बनिहाल | 3.5 |
| शिवपुरी | 4.0 |
| इंदौर | 4.1 |
| सुंदरनगर | 4.6 |
| अलवर | 4.8 |
| सीकर | 5.0 |
| जेऊर | 5.5 |
शुक्रवार को इंदौर प्रदेश में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा रहा। शिवपुरी के बाद इंदौर प्रदेश का दूसरा शहर रहा जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री के आसपास रहा। गुरुवार रात से शुक्रवार अल सुबह तक हवाओं ने शीत लहर का अहसास करवाया। शुक्रवार सुबह हवाओं ने ठंड का अहसास भले करवा लेकिन दोपहर में निकली धूप ने राहत दी। अधिकतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य के आसपास था।
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| शिवपुरी | 4 |
| इंदौर | 4.1 |
| राजगढ़ | 5 |
| पचमढ़ी | 5.6 |
| भोपाल | 6.4 |
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के आसपास 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके अलावा इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में जेट स्ट्रीम हवाएं भी चल रही है। इसके प्रभाव से ही न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
| दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| 10 दिसंबर | 5.4 |
| 11 दिसंबर | 4.5 |
| 12 दिसंबर | 5.2 |
| 13 दिसंबर | 5.9 |
| 14 दिसंबर | 6.4 |
| 15 दिसंबर | 6.6 |
| 16 दिसंबर | 5.4 |
| 17 दिसंबर | 4.9 |
| 18 दिसंबर | 4.5 |
| 19 दिसंबर | 4.1 |
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती हवाओं के घेरे के रुप में ईरान के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से इंदौर में 21 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- रेगिस्तान बना स्विट्जरलैंड! सऊदी अरब की रेत पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, वीडियो ने किया पूरी दुनिया को हैरान
| दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| 30 दिसंबर 1977 | 4.8 |
| 30 दिसंबर 1963 | 4.5 |
| 11 दिसंबर 2025 | 4.5 |
| 20 दिसंबर 1961 | 4.3 |
| 19 दिसंबर 2025 | 4.1 |
| 27 दिसंबर 1983 | 3.9 |
| 21 दिसंबर 1990 | 3.6 |
| 14 दिसंबर 1955 | 3.3 |
| 28 दिसंबर 1983 | 3.1 |
| 17 दिसंबर 2014 | 3.0 |
| 14 दिसंबर 1964 | 2.4 |
| 21 दिसंबर 1936 | 1.1 |
इंदौर में पिछले 14 दिन से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इस दौरान कई बार इंदौर देश के न्यूनतम तापमान वाले 10 प्रमुख शहरों में शामिल हुआ है। पिछले 10 दिन में चौथी बार पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे गया। मौसम विज्ञानियों की माने तो अगले सप्ताह भी इंदौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहने की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में इंदौर में अल सुबह से देर रात तक शीत लहर का शहरवासियों को अहसास होगा।