
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बुधवार को अल सुबह उत्तरी व उत्तर पूर्वी हवाओं ने शहर में ठंडक बढ़ाई और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। बीते एक सप्ताह में दूसरी बार तापमान इस सीजन के न्यूनतम स्तर पर पहुंचा।
यह बीते दस वर्षों में नवंबर माह में न्यूनतम तापमान का स्तर है। पिछले वर्ष 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद इस वर्ष नवंबर में दूसरी बार पारा 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। इसके पूर्व 20 नवंबर को शहर में पारे का न्यूनतम स्तर यही था।
रात का पारा गिरा, दिन का तापमान सामान्य
हवाओं के प्रभाव से मंगलवार के मुकाबले बुधवार को न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। बुधवार को रात का पारा गिरा लेकिन दिन का तापमान अपने सामान्य स्तर पर रहा। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य था।
यह भी पढ़ें- नवंबर में बीते 10 साल में सबसे दूसरी बार सबसे ठंडा रहा इंदौर, हिमालय से आ रहीं बर्फीली हवाएं
चक्रवाती हवाओं के घेरे से बढ़ी ठंडक
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक अभी एक पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है। इसके अलावा वर्तमान में एक चक्रवाती हवाओं का घेरा दक्षिण बांग्लादेश पर बना हुआ है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रवात गुजरात व उससे लगे दक्षिण पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है।
इसके प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। दिन में धूप निकलेगी और तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा।
इंदौर शहर में पिछले छह दिनों में फिर न्यूनतम स्तर पर पारा
| दिनांक | न्यूनतम तापमान |
| 20 नवंबर | 10.6 |
| 21 नवंबर | 12.7 |
| 22 नवंबर | 15.4 |
| 23 नवंबर | 14.8 |
| 24 नवंबर | 13.2 |
| 25 नवंबर | 10.6 |
बुधवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान वाले शहर
दमोह : 7.4
कटनी : 7.5
शाजापुर : 8.0
भोपाल : 8.2
रीवा : 9.2
रायसेन : 9.4
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)