
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर जिले के सरकारी स्कूलों में फर्जी डिग्री के आधार पर कई शिक्षकों ने नौकरी हासिल की है। ऐसे शिक्षकों के खिलाफ अब शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू हो गई है। ऐसे 74 संदिग्ध शिक्षक हैं, जिनका पूरा लेखा-जोखा लोकायुक्त ने तलब किया है। आशंका जताई जा रही है कि इन शिक्षकों ने संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जी डीएड और बीएड की अंकसूचियां लगाकर नौकरी हासिल की थीं।
शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए प्रथम चरण में 26 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस 27 फरवरी को जारी किया। इनमें से अब तक सिर्फ दो शिक्षकों ने ही अपना स्पष्टीकरण दिया है। वहीं जिन 24 शिक्षकों ने जवाब नहीं दिया, उनका वेतन रोक दिया गया है। वहीं जिन शिक्षकों ने जवाब दिया है, विभाग उससे भी संतुष्ट नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक जिन शिक्षकों ने जवाब नहीं दिया है, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इस मामले पर प्रमुखता से नईदुनिया में पूर्व में खबर प्रकाशित की गई थी।
लोकायुक्त द्वारा पूर्व में जारी पत्र में 74 शिक्षकों को संदिग्ध मानते हुए उनकी पहली नियुक्ति से जुड़ा पूरा रिकार्ड मांगा था। इसमें प्रथम नियुक्ति आदेश, नियुक्ति के समय प्रस्तुत की गई डीएड व बीएड की अंकसूचियां, सेवा पुस्तिका के पहले पृष्ठ, नियुक्ति संबंधी प्रविष्टियां, संविलियन आदेश की प्रति के साथ-साथ वर्तमान पदस्थापना संस्था और संकुल की जानकारी भी शामिल है।
इस मामले में चार प्राचार्यों की एक समिति गठित की गई, जिसने मई 2024 में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। समिति ने स्पष्ट रूप से कहा कि संविदा शाला शिक्षक परीक्षा में प्रस्तुत अंकसूचियां माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी नहीं की गई हैं। कई मामलों में एक ही रोल नंबर पर अन्य परीक्षार्थियों की अंकसूचियां मिलीं, जिससे दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और संदेहास्पद साबित हुए।
यह भी पढ़ें- भोपाल के गांवों तक पहुंचेगी PNG... समरधा, बगरोदा गांव में बिछी पाइप लाइन, साल के अंत तक पंचायतों में काम होगा पूरा
इस रिपोर्ट के आधार पर सितंबर 2024 में वर्तमान जिला शिक्षा अधिकारी ने उत्कृष्ट उमावि सांवेर, कन्या उमावि सांवेर, उमावि चन्द्रावतीगंज, उमावि डकाच्या, उमावि मांगल्या, उमावि धरमपुरी और उमावि अजनोद संकुल के प्राचार्यों को संबंधित शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके एक वर्ष बीत जाने के बाद भी किसी भी संकुल द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई।
फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी करने वाले शिक्षक वर्षों से सेवा में बने हुए हैं। फर्जी अंकसूची मामले में शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। हमने 26 शिक्षकों को नोटिस जारी किए थे, जवाब नहीं देने पर कुछ शिक्षकों का वेतन भी रोका गया है।- शांता स्वामी, जिला शिक्षा अधिकारी