
नईदुनिया प्रतिनिध इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के शासकीय कैंसर अस्पताल में मंगलवार को 43 करोड़ रुपए की लागत वाली लिनियर एक्सीलेटर मशीन पहुंच गई।
मशीन के इंस्टॉलेशन और जरूरी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद दिसंबर तक मरीजों को रेडिएशन उपचार की सुविधा मिलने लगेगी।
इसकी क्षमता हर माह करीब 3200 मरीजों को रेडिएशन देने की बताई जा रही है। दूसरी ओर अस्पताल में पीईटी-सीटी मशीन शुरू करने की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। करीब 20 करोड़ रुपए की लागत वाली यह सुविधा पीपीपी मोड पर विकसित की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन की योजना सितंबर अक्टूबर में ही पीईटी-सीटी सेवा शुरू करने की है। इसके लिए मशीन से संबंधित व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
दोनों सुविधाएं शुरू होने के बाद कैंसर मरीजों को जांच और उपचार के लिए निजी अस्पतालों अथवा दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए सरकारी अस्पताल में ये सुविधाएं महत्वपूर्ण साबित होंगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' की तारीख बदली, अब 19 सितंबर को होगा