
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रविवार को कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी नीलाभ्र सेनगुप्ता ने अपने छह सदस्यों के साथ मेट्रो के 11.5 किलोमीटर हिस्से में बने वायडक्ट व मेट्रो ट्रैक का निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे यह निरीक्षण शुरू हुआ और शाम सात बजे खत्म हुआ। ट्राली पर बैठ सीएमआरएस व उनके सहयोगी सदस्यों ने सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर 2 से मालवीय नगर तक ट्राली पर बैठकर गए और हर मेट्रो स्टेशन के सामने रुककर ट्रैक का निरीक्षण किया। इसके बाद वे वापस मालवीय नगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर 2 की ओर लौटे और मेट्रो के डाउन ट्रैक का अवलोकन भी किया।
सोमवार को सीएमआरएस व उनकी टीम मेट्रो में बैठकर स्टेशन पहुंचेंगे और मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। सोमवार को सुपर कॉरिडोर 2 से कुम्हेड़ी आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया जाएगा। ऐसे में सीएमआरएस अपनी टीम के साथ मेट्रो स्टेशन बिल्डिंग में जाकर यात्री सुविधाएं जैसे लिफ्ट, एस्केलेटर, टिकटिंग सिस्टम, फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम, प्लेटफार्म पर लगे सेफ्टी डोर का निरीक्षण भी करेंगे। गौरतलब है कि सीएमआरएस का निरीक्षण 18 मार्च तक चलेगा। सोमवार व मंगलवार को 11.5 किलोमीटर हिस्से पर बने 11 मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण होगा। 18 मार्च को ट्रैक पर मेट्रो को 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलाकर स्पीड ब्रेक टेस्ट भी किया जाएगा।
रविवार को मेट्रो के ट्रैक निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस के साथ आई टीम ने ट्रैक रीडिंग, ट्रैक के टर्न आउट को जांचा। इसके अलावा ट्रैक पर लगे इलेक्ट्रिकल उपकरणों की जांच की। ट्रैक व वायडक्ट निर्माण में लगे सीमेंट-कंक्रीट की अपने साथ लाए उपकरणों के माध्यम से अल्ट्रासाउंड टेस्ट भी किया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 'पाताल' से गुजरेगी मेट्रो... 15 मीटर नीचे उतरी टीबीएम मशीन, पुराने शहर में शुरू होगा सुरंग का काम
इधर मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर व अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम जारी है। सुपर कॉरिडोर 2 से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो को मार्च माह के अंत तक चलाने का दावा किया जा रहा है। सीएमआरएस ने निरीक्षण भी शुरू कर दिया है। वहीं अभी भी मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ। सोमवार को एक ओर ट्रैक पर सीएमआरएस का निरीक्षण जारी था, वहीं बापट, हीरा नगर थाने के पास बने मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर को चालू करने व प्रवेश व निकासी मार्ग से यात्रियों के पहुंचने के पाथ वे को तैयार करने का काम जारी था। इतना ही नहीं स्टेशन परिसर में साइनेज व फिनिशिंग के कई कार्य अभी बाकी हैं।