
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सुपर कारिडोर पर अभी तक 5.9 किलोमीटर तक सीमित चल रही मेट्रो शनिवार को एक कदम और आगे बढ़ेगी। 17 किलोमीटर की दूरी तय कर अब यह बापट चौराहा, विजयनगर और रेडिसन तक पहुंचकर शहरवासियों को नए सफर का अनुभव देगी।
शनिवार को ब्रिलियंट कंवेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे।
वे बापट चौराहे से मेट्रो के इस कमर्शियल रन को हरी झंडी दिखाएंगे। छह सितंबर से शहरवासी सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहा स्थित मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन तक सफर कर सकेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
वर्तमान में संचालन गांधी नगर से सुपर कारिडोर मेट्रो स्टेशन-तीन तक लगभग 5.9 किलोमीटर में हो रहा है। सेवा विस्तार के बाद मेट्रो गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा तक लगभग 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चलेगी। विस्तारित कारिडोर में कुल 16 मेट्रो स्टेशन से यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सभी कोच पूर्णतः वातानुकूलित रहेंगे। सभी मेट्रो स्टेशनों पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, मेट्रो व स्टेशन परिसर में सीसीटीवी, एस्केलेटर, लिफ्ट तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन प्रणाली पहले से संचालित है। यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल टिकट ले सकेंगे। यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वालेट एवं मोबाइल एप के जरिए कैशलेस भुगतान की सुविधा मिलेगी।
रेडिसन व विजयनगर क्षेत्र से एयरपोर्ट जाने वाले यात्री बड़ी संख्या में हैं। सिटी बस प्रबंधन द्वारा मेट्रो को अन्य रूटों की बसों से जोड़ा जा रहा है, लेकिन गांधी नगर मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट तक यात्रियों की आवाजाही के लिए अभी ठोस योजना नहीं बनी है। अधिकारियों का कहना है कि फीडबैक के आधार पर फीडर बस और कैब सेवा पर निर्णय लिया जाएगा।