_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार सुपर स्वच्छ लीग के तीन प्रमुख विजेता शहरों में नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा को शामिल किया गया। इस सूची में इंदौर का नाम नहीं होने पर सवाल उठे थे। अब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में शामिल शीर्ष शहरों को सुपर स्वच्छ लीग में नहीं रखा गया था। यानी इंदौर इस श्रेणी से बाहर नहीं हुआ, बल्कि उसे जोड़ी श्रेणी में शामिल होने के कारण लीग में जगह नहीं मिली।
इस व्यवस्था के तहत इंदौर नगर निगम ने मार्गदर्शक शहर के रूप में देपालपुर को स्वच्छता के अलग-अलग मापदंडों पर तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग दिया। दोनों शहरों के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला। हालांकि यह पुरस्कार दोनों शहरों के साझा प्रदर्शन का है, इसे इंदौर की व्यक्तिगत राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग नहीं माना जा सकता।
इधर, स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों की घोषणा के तीन दिन बाद भी शहरों के स्कोर कार्ड और डैशबोर्ड जारी नहीं हुए हैं। इससे अलग-अलग शहरों के प्रदर्शन की पूरी तस्वीर सामने नहीं आ सकी है। जानकारों के मुताबिक, अहमदाबाद ने सानंद के साथ सुपर स्वच्छ जोड़ी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है, लेकिन स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर को अहमदाबाद से दो अंक अधिक मिले हैं। स्कोर कार्ड जारी होने के बाद ही इस अंतर की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल-ग्वालियर के 10.47 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, स्मार्ट मीटर से बिल पर 10.30 करोड़ की छूट