जिस स्थान से हवा, पानी और धूप घर तक पहुंचती है इंदौर में वहां लगाया गया MOS टैक्स, विरोध के बाद अब जल्द हो सकता वापस
एमओएस टैक्स जल्द ही वापस हो सकता है। कांग्रेस पहले ही इसका विरोध कर चुकी है। अब राजस्व समिति प्रभारी निरंजनसिंह चौहान भी इसके विरोध में उतर आए हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 10:44:48 AM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 10:46:08 AM (IST)
HighLights
- मार्जिनल ओपन स्पेस (एमओएस) कहा जाता है
- पांच वर्ष तक यह मामला अधर में लटका रहा
- एमओएस टैक्स को लेकर जनता में आक्रोश
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जिस स्थान से हवा, पानी और धूप घर तक पहुंचती है, वहां लगाया गया एमओएस टैक्स जल्द ही वापस हो सकता है। कांग्रेस पहले ही इस टैक्स का विरोध कर चुकी है। अब राजस्व समिति प्रभारी निरंजनसिंह चौहान भी इसके विरोध में उतर आए हैं।
उन्होंने इस टैक्स को वापस लेने की मांग करते हुए महापौर और नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र लिखा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी इस टैक्स से सैद्धांतिक रूप से असहमति जताते हुए शासन से मांग की है कि एमओएस टैक्स को वापस लिया जाए।
इसे मार्जिनल ओपन स्पेस (एमओएस) कहा जाता है
कोई भी व्यक्ति जब मकान बनाता है, तो निर्माण के चारों ओर कुछ हिस्सा खाली छोड़ता है ताकि मकान में हवा, पानी और धूप निर्बाध रूप से आ सके। तकनीकी भाषा में इसे मार्जिनल ओपन स्पेस (एमओएस) कहा जाता है।
अब तक नगर निगम सिर्फ उसी स्थान का टैक्स लेता था जहां निर्माण किया गया है, लेकिन वर्ष 2020 में शासन ने स्थानीय निकायों को एमओएस पर टैक्स लगाने की अनुमति दे दी।
पांच वर्ष तक यह मामला अधर में लटका रहा
हालांकि, पांच वर्ष तक यह मामला अधर में लटका रहा। इंदौर नगर निगम ने इसी वर्ष से एमओएस टैक्स लागू किया है। इस टैक्स के लागू होने के बाद वार्षिक संपत्तिकर में 500 रुपये से लेकर चार हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। शहर के ज्यादातर संपत्तिधारक पूर्व में ही अग्रिम संपत्तिकर जमा करा चुके हैं।
यही वजह है कि एमओएस टैक्स को लेकर अब तक विरोध मुखर नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही नए वित्तीय वर्ष का संपत्ति कर जमा करने लोग निगम काउंटरों पर पहुंचेंगे, उन्हें पता चलेगा कि संपत्तिकर में बढ़ोतरी पिछले वर्ष ही कर दी गई थी। निगम बकाया संपत्तिकर भी उनसे वसूलेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर एयरपोर्ट से अब 24×7 भर सकेंगे उड़ान, 17 महीने बाद पूरा हुआ रनवे का काम,पहली नाइट फ्लाइट पुणे से
एमओएस टैक्स को लेकर जनता में आक्रोश
राजस्व समिति प्रभारी निरंजनसिंह चौहान ने इस संबंध में नगरीय प्रशासन मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि एमओएस टैक्स को लेकर जनता में आक्रोश है। स्कूल, बहुमंजिला भवन, अस्पताल, शापिंग माल में जो एमओएस की जगह होती है, उसका सार्वजनिक उपयोग होता है।ऐसे में एमओएस की जगह पर टैक्स लेना सही नहीं है।
हमने शासन से एमओएस टैक्स वापस लेने की मांग की हमने शासन से एमओएस टैक्स वापस लेने की मांग की है। सैद्धांतिक रूप से मैं भी एमओएस टैक्स के पक्ष में नहीं हूं।
-पुष्यमित्र भार्गव, महापौर इंदौर