इंदौर में तेज रफ्तार कार ने पांच को कुचला, कई वाहनों को रौंदता हुई शोरूम में घुसी गाड़ी, नशे में धुत डॉक्टर कर रहा था ड्राइव
इंदौर में गुरुवार रात नशे में धुत होम्योपैथिक डॉक्टर गजानंद मालवीय ने तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ा दी, जिससे पांच युवक घायल हो गए। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 20 Feb 2026 12:36:14 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Feb 2026 12:59:35 AM (IST)
होम्योपैथिक डाक्टर ने नशे में पांच को उड़ाया, कई गाड़ियों को टक्कर मारी। AI Generated ImageHighLights
- कार शोरूम में घुसने से मचा हड़कंप
- गैर इरादतन हत्या की धारा में केस
- पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में गुरुवार रात एक लापरवाह ड्राइविंग की घटना ने अफरा-तफरी मचा दी। होम्योपैथिक डॉक्टर गजानंद मालवीय ने कथित रूप से शराब के नशे में तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ा दी, जिससे पांच युवक घायल हो गए और कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कार एक शोरूम में जा घुसी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया।
फुटपाथ पर चढ़ी कार, पांच घायल
एमजी रोड थाना क्षेत्र में नगर निगम से चिकमंगलूर चौराहा के बीच क्लासिक जिंस के सामने गुरुवार रात हादसा हो गया। काले रंग की कार (एमपी 09 एडब्ल्यू 7657) तेज रफ्तार में आई और फुटपाथ पर खड़े पांच-छह युवकों को टक्कर मारते हुए श्री साईंराम जिंस होम में जा घुसी।
हादसे में शोरूम के बाहर खड़े सौरभ पुत्र नरेश, अनिकेत लक्ष्मीनारायण कोरी, सचिन कुशवाह और राज वर्मा घायल हो गए। कई स्कूटर और बाइक भी कार की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
नशे में था चालक, लोगों ने की पिटाई
पुलिस के अनुसार कार चालक गजानंद पुत्र मदनलाल मालवीय निवासी भवानी नगर, सांवेर रोड है। जांच में सामने आया कि वह शराब के नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गजानंद न तो कार बंद कर पा रहा था और न ही उसे रिवर्स ले सका। लोगों ने कार के कांच तोड़ दिए और उसकी पिटाई कर दी। भीड़ ने उसे बताया कि कुछ लोग कार के नीचे दबे हैं।
सूचना मिलते ही एसीपी विनोद दीक्षित और टीआइ विजय सिंह सिसोदिया मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली।
गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
टीआइ विजय सिंह सिसोदिया के मुताबिक, चालक के खिलाफ राहुल जैन निवासी पेनजान कालोनी की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई है।
शराब पीकर बोला- मुझसे कार नहीं चल रही
पुलिस के अनुसार गजानंद ने सदर बाजार थाना क्षेत्र में शराब पी थी और काफी देर तक वहीं था। नशा बढ़ने पर उसने अपने एक साथी को फोन कर कहा था कि उससे कार नहीं चलाई जा रही है। वह रामबाग की ओर से आ रहा था।