तीन मई को नीट यूजी परीक्षा, इंदौर में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक उपलब्ध होगी बसें
3 मई को नीट यूजी परीक्षा के लिए इंदौर जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Apr 2026 08:36:59 AM (IST)Updated Date: Thu, 30 Apr 2026 08:42:51 AM (IST)
HighLights
- बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम व महू तक सुविधा
- इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं के निर्देश दिए
- सभी केंद्रों पर मेडिकल स्टाफ, पांच केंद्रों पर एम्बुलेंस, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तीन मई को होने वाली नीट यूजी परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन परीक्षार्थियों को बसों की सुविधा उपलब्ध कराएगा। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से ये बसें सभी 57 केंद्रों तक जाएंगी। इसके लिए चार रूट बनाए गए हैं। बसें सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम व महू तक भी जाएगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद बसें वापस विद्यार्थियों को लेकर भी आएंगी।
नीट यूजी परीक्षा के लिए जिले में 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 23160 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन की व्यवस्था भी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए एआईसीटीएसएल की बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था
ये बसें सुबह 9 बजे से बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध रहेंगी। वहीं शाम 5 बजे परीक्षा के बाद बसें वापस आएंगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल स्टाफ एवं पांच केंद्रों पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए टेंट एवं पीने के पानी की व्यवस्था केंद्र के बाहर रहेगी। उड़नदस्ते भी सतत निगरानी रखेंगे।
यह भी पढ़ें : NEET-UG 2026: एमपी में पहली बार 38 साइबर कमांडो का डिजिटल पहरा, डार्कवेब से लेकर जैमर तक हाई-टेक निगरानी