_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पाइप्ड नैचरल गैस (पीएनजी) से चल रहे उद्योगों को भी अब झटका लगा है। गेल ने उद्योगों के लिए गैस पर मिल रहा डिस्काउंट समाप्त कर दिया है। इससे इनके लिए पीएनजी के दाम 18 रुपये किलो बढ़ गए हैं। 1 मार्च से ही बढ़ी हुई कीमतें लागू भी कर दी गई हैं। दूसरी ओर, अवंतिका गैस लिमिटेड ने खाड़ी में बनी स्थितियों को फोर्स मेजर (नियंत्रण से बाहर वाली परिस्थिति) बताकर गैस आपूर्ति के कांट्रेक्ट की शर्तों में बदलाव होने की सूचना भेज दी है। गैस कंपनियों ने आशंका भी जता दी है कि आने वाले दिनों में आपूर्ति उपलब्धता पर निर्भर रहेगी।
गैस पर बनी ताजा स्थिति से उद्योगों के सामने दोहरी मुसीबत आ गई है। दरअसल, दो वर्षों से शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) सुधारने के लिए प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने सख्ती की थी। इंदौर से लगे सभी उद्योगों में गैस के अतिरिक्त अन्य ईंधन से भट्टी और बायलर चलाना प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके बाद ज्यादातर उद्योगों ने कार्रवाई के डर से पुराने बायलर बंद कर नए गैस बायलर लगाए थे और उसी पर उद्योग चलने लगे थे। अब गैस कंपनियों ने आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति को लेकर संदेश भेजा है कि रिलिक्विफाइड नैचुरल गैस (आरएलएनजी) की आगे से उपलब्धता को लेकर संशय है। आने वाले दिनों में यदि आरएलएनजी और एलएनजी कंपनियों को मिलेगा, तो ही कंपनियां उद्योगों को आपूर्ति कर सकेंगी।
इस बीच अवंतिका गैस लिमिटेड ने नगर निगम को भी आपूर्ति बंद कर दी है। नगर निगम अपने वाहनों के लिए कंपनी से गैस ले रहा था। बीते लंबे समय से निगम ने भुगतान नहीं किया था। ताजा स्थितियों में सभी बड़े बकायादारों के खिलाफ कंपनी ने कार्रवाई कर आपूर्ति बंद करने का निर्णय लिया है। ऐसे में नगर निगम की आपूर्ति भी रोक दी गई है।
गेल इंडिया लि. व आईजीएक्स हमारे अपस्ट्रीम गैस सप्लायर हैं। अवंतिका गैस लिमिटेड के मार्केटिंग हेड मनीष वर्मा ने कहा है कि कतर से गैस आपूर्ति बाधित होने पर अब ये ऑस्ट्रेलिया व साउथ ईस्ट एशिया से गैस ला रहे हैं। यह रास्ता काफी लंबा है और इस पर खर्च ज्यादा हो रहा है। इस वजह से हम इंदौर कमर्शियल पीएनजी गैस कनेक्शन में उपभोक्ताओं पर कुल खपत के 20 फीसद दर बढ़ा रहे हैं। घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं की गैस दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। किसी भी इमरजेंसी में हम पूरे शहर को गैस देने के लिए तैयार हैं। हमने ग्राहकों के लिए हेल्पलाइन नंबर 7509275091 जारी किया है।
यह भी पढ़ें- Rewa में सिलेंडर के लिए लगी लंबी कतारें, बुकिंग की सीमा 15 से बढ़ाकर 28 दिन की गई