
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जंगलों में अवैध कटाई और खैर की लकड़ी की तस्करी रोकने के लिए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। तस्करों की तलाश के साथ ही वन विभाग की टीम अवैध कटाई पर लगाम लगाने में जुटी है। मगर इस कार्रवाई के बीच आशापुरा सबरेंज के डिप्टी रेंजर ओंकारलाल मेवाड़ी की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि दो दिन पहले गश्त कर रहे वनकर्मियों से भी बहस की और उनके काम को प्रभावित करने में लगे हैं।
आशापुरा, सेंडल-मेंडल, चैनपुरा और सेकड़ीपुरा जंगल से अवैध कटाई सामने आई है। रेंज ने खैर की लकड़ियों से भरे तीन वाहन जब्त किए हैं, लेकिन उनका चालक मौके से फरार हो गया।
चोरल रेंजर सचिन वर्मा ने जंगलों में निगरानी के लिए चार से पांच टीमें बनाई हैं। इन टीमों को रात में भी गश्त की जिम्मेदारी दी गई है। वनकर्मियों के मुताबिक, बाईग्राम के पास एक ढाबे पर ड्यूटी के दौरान उन्होंने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन में सवार लोगों ने डंडा निकालकर वनकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। कर्मचारियों की संख्या अधिक होने से वे वाहन को पलटकर चोरल की तरफ ले गए।
टीम ने पीछा भी किया। घटना को लेकर डिप्टी रेंजर से संपर्क किया तो उल्टा वनकर्मी से बहस की। जबकि डिप्टी रेंजर की टीम रात में गश्त पर नहीं निकली। डीएफओ लाल सुधाकर सिंह का कहना है कि अवैध कटाई को लेकर जांच शुरू हो चुकी है। वे कहते हैं कि डिप्टी रेंजर को लेकर शिकायत मिली है। इस संबंध में स्टाफ से जानकारी ली जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल की जिस जगह से बड़े पैमाने पर लकड़ी काटकर बाहर ले जाना वनकर्मियों की मदद के बिना संभव नहीं है। सालभर में खैर के अलावा दूसरे पेड़ों की भी कटाई हुई है। वहीं सबरेंज के कर्मचारियों द्वारा नियमित गश्त नहीं किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी खबर... 23 नवंबर से बदलेगा शेड्यूल, दोपहर 1 बजे से मिलेगी सुविधा