
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर करीब कांग्रेस के करीब 60 नेताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की, जिनमें विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश के प्रमुख कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक जगह-जगह मंच लगाकर भी उनका स्वागत किया गया। होटल में भी राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे हैं।
शाम साढ़े पांच बजे से रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े विषयों पर केंद्रित इस आयोजन में गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल प्रस्तुति देंगे।
जेन-जी को लक्ष्य कर आयोजित कार्यक्रम में 35 वर्ष तक की उम्र के युवाओं को शामिल किया गया है। करीब 20 दिनों से कांग्रेस आयोजन की तैयारियों और युवाओं के पंजीयन में जुटी है। शुक्रवार शाम तक स्थानीय प्रशासन से अनुमतियों और फायर-इलेक्ट्रिक एनओसी को लेकर नेताओं की जद्दोजहद चलती रही। कांग्रेस नेताओं ने एनओसी जारी नहीं होने को प्रशासनिक यातना बताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा सरकारी विभागों के अफसरों को निरीक्षण कर एनओसी और पूर्णता प्रमाण पत्र देना है, लेकिन निरीक्षण नहीं होने से एनओसी अटकी हुई है। इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ (Chhatron Ki Goonj) इस शृंखला का देश में पांचवां आयोजन है।
इससे पहले कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में ऐसे कार्यक्रम हो चुके हैं। राहुल गांधी शनिवार दोपहर इंदौर पहुंचे। शाम 5:30 से रात 8:15 बजे तक आयोजन में रहेंगे। रात को ही दिल्ली लौट जाएंगे।
