नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राहुल गांधी को कोई खतरा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को राहुल गांधी से खतरा है। दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस और कांग्रेस के लोग लोकतंत्र का सम्मान करना नहीं जानते। कांग्रेस के पापों के कारण वर्ष 1947 में पांच नदियों वाले पंजाब का बंटवारा हुआ। कांग्रेस नेतृत्व को इसके लिए माफी मांगना चाहिए, लेकिन वे तो सुप्रीम कोर्ट चले गए ताकि हम बंटवारे पर बात ही न कर सकें। कांग्रेस का यह पाप सात जन्म तक उसका पीछा नहीं छोड़ेगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है, कांग्रेस चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा कर रही है। कांग्रेस के लोग एक के बाद एक गलती कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में आयोजित देशभक्ति से सराबोर विशाल तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और तिरंगे के मान-सम्मान को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.… pic.twitter.com/NkebFvSnjE
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) August 13, 2025
यह बात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में कही। वे भारतीय सेना के सम्मान में बुधवार शाम निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उसके नेता हमारी सेना का अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नए दौर में प्रवेश कर रहा है। देश ने बता दिया है कि अब कोई अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।
हमारी जांबाज सेना ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की शक्ति का परिचय कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुश्मन ने अब दोबारा हरकत की तो हमारी सेना बिछड़ा हुआ पंजाब भी भारत में मिलाने में सक्षम है। तिरंगा यात्रा एकजुटता का प्रतीक है। इंदौर की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर जो भी करता है अलग करता है। इंदौर स्वच्छता में नंबर वन है। सांस्कृतिक परंपराओं के पालन में नंबर वन है। तिरंगा यात्रा राजवाड़ा से शुरू होकर गांधी हाल पहुंची।