
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बीमा और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अफसर बनकर देशभर में ठगी करने वाले हाईप्रोफाइल ठग को पलासिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पंजाब की बरनाला जेल में बंद थे। उनके विरुद्ध किसान से सवा करोड़ रुपये की ठगी का केस पंजीबद्ध हुआ है। पुलिस ने आरोपितों को रिमांड पर ले लिया है।
टीआई सुरेंद्र सिंह के मुताबिक दो वर्ष पूर्व रघुवीर सिंह राठौर की शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज हुआ था। पुलिस ने आरोपित सीएस रामकुमार उर्फ शिवेश्वर पांडे और चंदन कुमार उर्फ कमल पटनायक को गिरफ्तार किया है।
टीआई के मुताबिक किसान रघुवीर ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का अफसर बनकर अजय सक्सेना और पुरुषोत्तम सिंह के नाम से कॉल लगाया था। आरोपितों ने बैंक का मिसलेनियस फंड का करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा दिया था।
आरोपितों ने अकाउंट अपडेट, आरटीजीएस, फाइल कोलेजिमा, फाइल ओपन, नोटिफिकेशन, फंड ट्रांसफर, गारंटर सुरक्षा, इनकम टैक्स, आरबीआई की अनुमति, बीमा पॉलिसी सहित अलग-अलग बहानों से पूजा कुमारी, अजय सक्सेना के खातों में 1 करोड़ 25 लाख रुपये जमा करवा लिए थे। आरोपितों ने फर्जी पेपर बनाकर भेजे और आरटीजीएस और एनईएफटी से रुपये ले लिए।
फरियादी ने पलासिया थाना में भी शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच आरोपितों को पंजाब पुलिस ने फर्जीवाड़ा में गिरफ्तार कर लिया था। फरियादी पंजाब पुलिस से मिला और कोर्ट में परिवाद दायर कर केस दर्ज करवाया। पलासिया पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपितों को पंजाब से रिमांड पर ले लिया।
यह भी पढ़ें- MP में आबकारी विभाग और शराब माफिया का बेखौफ गठजोड़, डिप्टी CM के पूर्व OSD समेत कई सवालों के घेरे में