इंदौर के सीतलामाता बाजार में नए यातायात नियम लागू, दुकानदारों पर भी पार्किंग प्रतिबंध; ठेले और ई-रिक्शा प्रवेश पर रोक
इंदौर के सीतलामाता बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापारी एसोसिएशन ने खुद पहल की है। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 27 Feb 2026 02:35:40 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Feb 2026 02:35:40 AM (IST)
सीतलामाता बाजार में दो से ज्यादा गाड़ी पार्क नहीं कर सकेंगे व्यापारीHighLights
- होली बाद नियम तोड़ने पर जुर्माना
- ठेले और ई-रिक्शा प्रवेश पर रोक
- बाजार में गार्डों की तैनाती की गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के सबसे पुराने बाजारों में शामिल सीतलामाता बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापारियों ने स्वयं पहल की है। कपड़ों के इस व्यस्त बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए व्यापारी एसोसिएशन ने नए नियम लागू कर दिए हैं।
बीते महीनों में यातायात पुलिस और व्यापारियों के बीच बैठक हुई थी। मुख्य सड़क पर बार-बार लगने वाले जाम को लेकर दुकानदारों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जाम का कारण ठेलों और खड़ी रहने वाली ई-रिक्शा को बताया गया था। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए व्यापारियों से सहयोग मांगा था।
बाजार में गार्ड तैनात, प्रवेश पर रोक
सीतलामाता बाजार व्यापारी एसोसिएशन की अध्यक्ष हेमा पंजवानी के अनुसार अब बाजार में एसोसिएशन की ओर से महिला और पुरुष गार्ड तैनात कर दिए गए हैं। गौराकुंड और सांठा बाजार की ओर से आने वाले दोनों सिरों पर गार्ड तैनात किए गए हैं।
इन गार्डों द्वारा बाजार में ठेलों के प्रवेश पर रोक लगाई जा रही है। साथ ही ई-रिक्शा और रिक्शा को भी बिना सवारी प्रवेश नहीं मिलेगा। जिन रिक्शा में सवारी होगी, उन्हें प्रवेश तो दिया जाएगा, लेकिन वे बाजार में खड़ी नहीं हो सकेंगी।
व्यापारियों पर भी लागू होंगे पार्किंग नियम
अब बाजार में व्यापारियों के लिए भी पार्किंग के नियम लागू किए जा रहे हैं। मुख्य सड़क पर सफेद लाइन से चिह्नित पार्किंग स्थान ग्राहकों के लिए आरक्षित रहेंगे।
व्यापारी एसोसिएशन के अनिल शर्मा बबलू के अनुसार प्रत्येक दुकानदार को दुकान के बाहर केवल दो गाड़ियां खड़ी करने की अनुमति होगी। बाकी वाहन पास स्थित नगर निगम की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। इसके लिए व्यापारियों के वाहनों पर स्टीकर पास लगाए जा रहे हैं।
फिलहाल समझाइश दी जा रही है। होली के बाद नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों का मानना है कि इससे ग्राहकों को सुविधा मिलेगी और व्यापार में भी वृद्धि होगी।