
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत चिंता की बात नहीं बल्कि यह अर्थशास्त्र है। पूर्व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने इंदौर में शुक्रवार को यह बयान दिया। भाजपा नेत्री ने इंदौर में पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह बात कही। स्थानीय भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री वीर बाल दिवस के आयोजन में शामिल होने पहुंची थी।
इस दौरान लेखी से पत्रकारों ने सवाल किया कि मनमोहन सिंह सरकार में भाजपा रुपये के अवमूल्यन पर शोर मचाती थी अब तो रुपया और तेजी से गिर रहा है। इस पर लेखी ने अर्थशास्त्र समझाते हुए रुपये के गिरने के लाभ भी गिना दिया। लेखी ने अर्थशास्त्र के सिद्धांत समझाते हुए इसे सोची-समझी रणनीति बताया।
उन्होंने कहा कि रुपये की कीमत के पीछे मुद्रास्फिति, आयात-निर्यात, राजनीतिक कारण और सोने की कीमतें जैसे तमाम कारण होते हैं। रुपये की कीमत घटी है तो उससे निर्यात में हमें लाभ हो रहा है।
उन्होंने ये भी कहा कि अब मुद्रास्फिति पहले से कम सिर्फ 5 प्रतिशत है जो पहले 20 पाइंट से ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि पहले खाने की कीमतों के साथ महंगाई बढ़ रही थी लेकिन अब नहीं है। रुपये की कीमत के साथ भारत में सोना भी बढ़ा है। ऐसे में इसे एक सोच-समझी रणनीति कहा जा सकता है।
बांग्लादेश के हालात पर लेखी ने कहा कि सभी बाबर की सोच वाले नहीं होते। उन्होंने कहा कि असहिष्णुता के लिए हमारे देश में जगह नहीं है सरकार सभी बातों की जानकारी रखती है। दिग्विजयसिंह के इस बयान पर कि भाजपा के राज में हिंदू खतरे में आ गया है पर भाजपा नेत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे तो पक्का खतरे में ही हैं।
शुक्रवार को इंदौर भाजपा कार्यालय में गुरुभक्ति का रंग चढ़ा दिखा। भाजपा कार्यालय में वीर बाल दिवस पर सुखमनी साहब का पाठ हुआ और लंगर भी छका गया गया। पटियाला के अमरजीत सिंह गुरु गोविंद सिंहजी के परिवार की शहादत की कथा सुनाई। गुरु नानक निष्काम सेवा जत्थे के सेवादार एवं संगत ने कीर्तन व पाठ किया।
आयोजन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा समेत तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीनाक्षी लेखी ने कहा जब हमारे ऊपर विदेशी आक्रांताओ ने आक्रमण किया तब तब वीर बलिदानी पुरुषों और महिलाओं ने जन्म लिया है, और पूरा समाज एक होकर लड़ा है। सिक्खों के 10 वें गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादा बाबा अजित सिंह जी, साहिबजादा बाबा जुझार सिंह जी, साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा बाबा फतेह सिंह जी और दादी जी के संघर्ष से शहादत तक के चित्रों प्रदर्शनी भी लगाई भाजपा कार्यालय में लगाई गई।