इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर का रास्ता साफ... 4 लेन का होगा प्रोजेक्ट, तीन चौराहों पर रोटरी और बढ़ेंगी भुजाएं, 15 दिन में शुरू होगा काम
Indore Elevated Corridor: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हो गया कि कारिडोर चार लेन का होगा और इसके तीन चौराहों पर रोटरी बनेग ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Feb 2026 10:38:22 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Feb 2026 10:38:22 PM (IST)
इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर का रास्ता साफ। (सांकेतिक तस्वीर)HighLights
- इंदौर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से निजात
- एलिवेटेड कॉरिडोर 2 साल में होगा तैयार
- आपात स्थिति के लिए बनेगी रेस्क्यू लाइन
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एलिवेटेड कारिडोर को लेकर लंबे समय से चल रही उलझन शनिवार को खत्म हो गई। शनिवार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हो गया कि कारिडोर चार लेन का होगा और इसके तीन चौराहों पर रोटरी बनेगी। शहर के विशेषज्ञ यातायात सुगमता के लिए कॉरिडोर की भुजाए बढ़ाने की मांग कर रहे है, ऐसे में पीडब्ल्यूडी आगामी दस दिन में सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेगा। वहीं पंद्रह दिन में एलआइजी वाले हिस्से से काम भी शुरू किया जाएगा।
एलिवेटेड कारिडोर पर पहले तीन चौराहों गिटार, गीता भवन और शिवाजी वाटिका पर एक-एक भुजा उतारने की योजना थी, लेकिन अब इसकी भुजाएं बढ़ाई जाएगी। वहीं तीन चौराहों नौलखा, शिवाजी वाटिका और एलआइजी चौराहा पर रोटरी बनाई जाएगी, ताकि यातायात को व्यवस्थित किया जा सके। वहीं रेस्क्यू लाइन की संभावना भी देखी जाएगी, ताकि आपात स्थिति में यातायात को सुगम किया जा सके। इसलिए अलग से प्लानिंग की जाएगी। बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, कलेक्टर शिवम वर्मा, इंदौर उत्थान समिति के अजित नारंग आदि मौजूद रहे।
पलासिया चौराहे पर होगा मंथन
बैठक में यह भी तय हुआ कि विशेषज्ञो के प्राप्त सभी सुझावों को आवश्यकता अनुसार शामिल किया जाएगा। अब किसी तरह की बैठक नहीं होगी। पलासिया चौराहे पर भी रोटरी की योजना है, लेकिन इसका निर्णय मेट्रों के अधिकारियों से चर्चा के बाद होगा। यहां से मेट्रो के अंडरग्राउंड गुजरने के कारण अभी रोटरी का निर्णय नहीं हुआ है।
भुजा की उपयोगिता का होगा आकलन
बैठक में यह भी हुआ कि ट्राफिक के साथ ही भुजाओं की उपयोगिता का सर्वे किया जाएगा, ताकि एलिवेटेड कारिडोर को यातायात के लिए सुगम बनाया जा सके। नौलखा, शिवाजी वाटिका, गीताभवन, गिटार चौराहा पर भुजाओं की उपयोगिता का सर्वे कर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। वहीं अन्य चौराहों पर भी भुजाएं देने का आकलन भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद युवक की समस्याओं का हुआ समाधान, रुकी पेंशन शुरू, इलाज की हुई व्यवस्था... कलेक्ट्रेट में किया था प्रदर्शन
यहां बनेगी रोटरी और भुजा
- नौलखा पर रोटरी बनेगी अौर एक भुजा अग्रसेन चौराहा और दूसरी नेमावार रोड की तरफ उतरेगी।
- शिवाजी वाटिका पर रोटरी बनेगी और एक भुजा एमवाय और दूसरी पिपल्याहाना की तरफ उतरेगी।
- एलआइजी पर भी रोटरी बनेगी और एक भुजा पाटनीपुरा की तरफ उतरेगी।
- गिटार चौराहा पर आनंद बाजार की तरफ भुजा उतरेगी और नोलखा की तरफ जा सकेंगे।
- गीताभवन चौराहा पर भी मधुमिलन चौराह वाली रोड पर भुजा उतरेगी।
- एलआइजी से नौलखा तक ही बनेगा एलिवेटेड कारिडोर।
- दोनों तरफ होगी दो-दो लेन, तीन चौराहों पर रोटरी।
- दो साल में बनकर तैयार होगा एलिवेटेड कारिडोर।
- एक साथ दो स्थानों से शुरू होगा निर्माण कार्य।
- 2019 में मिली थी एलिवेटेड कारिडोर की स्वीकृति।
- केंद्र सरकार ने 350 करोड़ रुपये किए स्वीकृत।
- आठ चौराहों पर फ्लाईओवर का भी हुआ था सर्वे।
- मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड कारिडोर बनाने की दी स्वीकृति।
- निर्माण पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की दो बार हुई बैठक।