नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर और भक्त मंडल का नाम इस बार एक नए विश्व कीर्तिमान के साथ दर्ज हो जाएगा। जब गणेशोत्सव के पहले दिन बुधवार को सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग खजराना गणेश को समर्पित किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन खजराना गणेश को विभिन्न किस्म के अनाज के 20 हजार लड्डूओं का भोग भी समर्पित होगा।
इस तरह गणेशोत्सव में संभवतः खजराना गणेश मंदिर देश का पहला ऐसा मंदिर होगा, जहां तीन लाख से ज्यादा लड्डूओं का भोग समर्पित होगा। मंदिर प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह, मंदिर प्रशासक एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा एवं मंदिर के महाप्रबंधक संयुक्त कलेक्टर डॉ. राकेश शर्मा ध्वजा पूजन एवं गणेशजी को स्वर्ण आभूषण समर्पित करने के बाद भोग लगाकर मोदक प्रसाद का भक्तों में वितरण भी करेंगे।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने बताया मंगलवार को मंदिर के नवनियुक्त महाप्रबंधक एवं संयुक्त कलेक्टर डॉ. शर्मा ने भक्त मंडल द्वारा बनवाए जा रहे सवा लाख मोदक प्रसाद का अवलोकन भी किया। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट, प्रबंधक घनश्याम शुक्ला, सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा एवं भक्त मंडल से जुड़े श्रद्धालु भी उपस्थित थे। मोदक का निर्माण पिछले छह दिनों से लगातार प्रसिद्ध रसोइए खेमजी महाराज और 30 सहयोगी 10 सुपर भट्टियों पर कर रहे थे।
भक्तों के बीच प्रसाद वितरण का शुभारंभ बुधवार को सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन के साथ होगा। साथ ही खजराना गणेश को सवा लाख मोदक का भोग भी मंगलवार रात को समर्पित कर दिया गया, जिसका भक्तों में वितरण सुबह 10 बजे से किया जाएगा। अलग-अलग किस्म के लड्डू होंगे समर्पित बागड़ी ने बताया खजराना गणेश को पहले दिन सवा लाख मोदक प्रसाद के अलावा गुरुवार को अजवाइन, शुक्रवार को मूंग, शनिवार को चवले, रविवार को उड़द, एक सितंबर को गोंद के लड्डू, दो को बेसन, तीन को मोतीचूर, चार को बड़ी बूंदी और पांच को फरियाली ड्रायफ्रूट्स के लड्डूओं का भोग समर्पित किया जाएगा।
प्रतिदिन 20 हजार अलग-अलग किस्म के लड्डूओं सहित खजराना गणेश को तीन लाख से अधिक लड्डूओं का भोग लगाया जाएगा, जो संभवतः देश में पहला उदाहरण होगा। भक्त मंडल द्वारा मोदक प्रसाद वितरण के लिए 50 बड़ी परातों एवं 100 ट्रे की व्यवस्था की गई है। भक्त मंडल से जुड़े 20 कार्यकर्ता प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभालेंगे।