
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। औद्योगिक इकाइयों द्वारा औद्योगिक अपशिष्ट जमीन में छोड़े जाने के खिलाफ नईदुनिया के अभियान का व्यापक असर नजर आने लगा है। नगर निगम की टीमें शहर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कार्रवाई कर प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही हैं। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर नगर निगम टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम में केमिकल युक्त अपशिष्ट छोड़ने वाली औद्योगिक एवं व्यापारिक इकाइयों के विरुद्ध सख्त निरीक्षण एवं कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ इकाइयां नियमों की अवहेलना करते हुए केमिकल युक्त अपशिष्ट सीधे ड्रेनेज लाइन में प्रवाहित कर रही थीं। इससे न केवल ड्रेनेज सिस्टम को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस अनियमितता को देखते हुए संबंधित इकाइयों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों को बख्शा नहीं जाएगा।
यहां हुई कार्रवाई जोन 17 के अंतर्गत की गई कार्रवाई में यूनो ट्रेडर्स पर एक लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। इसी तरह रॉयल ट्रेडर्स पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी तरह एमएम ट्रेडर्स पर 20 हजार रुपये स्पॉट फाइन किया गया। इस तरह से कुल एक लाख 70 हजार रुपये वसूले गए। ड्रेनेज सिस्टम में केमिकल छोड़ने से पाइपलाइनों के चोक होने और भूमिगत जल के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया था।
कार्रवाई के दौरान सीएसआई सत्येंद्रसिंह तोमर, ड्रेनेज सब-इंजीनियर सिद्धांत मेहता और टीम उपस्थित थी। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर के ड्रेनेज नेटवर्क को सुरक्षित रखा जा सके। सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अपशिष्ट का निपटान निर्धारित मानकों और ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से ही करें।