हुड़दंगियों की खैर नहीं, इंदौर गेर के लिए पुलिस सख्त; राजवाड़ा में पहली बार बनाई 'अस्थायी जेल'
रंगपंचमी पर निकलने वाली पारंपरिक गेर को लेकर इंदौर पुलिस ने इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। राजवाड़ा क्षेत्र में पहली बार हुड़दंगियों के लिए अस्था ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Mar 2026 10:07:32 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Mar 2026 10:07:32 PM (IST)
इंदौर गेर के लिए पुलिस सख्त( एआई फोटो)HighLights
- इंदौर में रंगपंचमी गेर के लिए 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
- राजवाड़ा क्षेत्र में पहली बार हुड़दंगियों के लिए अस्थायी जेल बनाई गई
- पूरे मार्ग पर ड्रोन, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रंगपंचमी पर निकलने वाली पारंपरिक गेर को लेकर इंदौर पुलिस ने इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। राजवाड़ा क्षेत्र में पहली बार हुड़दंगियों के लिए अस्थायी जेल बनाई गई है। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी तैयार किया गया है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और टोनी कॉर्नर से राजवाड़ा तक रिहर्सल भी कराई। उनके अनुसार इस बार गेर के दौरान 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
छह सेक्टर में बांटा गया पूरा मार्ग
गेर और फाग यात्रा के पूरे मार्ग को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मार्ग पर 12 पुलिस सहायता मंच और 11 वॉच टावर बनाए गए हैं, जहां पीए सिस्टम, दूरबीन, कैमरे और अन्य संसाधनों से लैस पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी।
हुड़दंगियों के लिए अस्थायी जेल
पुलिस ने गड़बड़ी या अव्यवस्था फैलाने वाले गुंडे, बदमाश और असामाजिक तत्वों के लिए अस्थायी जेल और जेल वाहन भी तैयार रखे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल और दंगा नियंत्रण सामग्री की व्यवस्था की गई है।
सादे कपड़ों में भी तैनात रहेगा पुलिस बल
छेड़छाड़, महिलाओं से अभद्रता या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा नशे में उत्पात मचाने वालों और स्नैचरों की पहचान के लिए विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।