नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शनिवार को मालवा मिल क्षेत्र में चालानी कार्रवाई के लिए पहुंची नगर निगम की मोबाइल कोर्ट के विरोध में व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया और अपनी दुकानें बंद कर दीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे निगम की मोबाइल कोर्ट रिमूवल टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद
निगम के सहायक सीएसआई और कर्मचारी जब मालवा मिल क्षेत्र की बेकरी वाली गली में एक चाय-नाश्ते की दुकान में पहुंचे, तो वहां मौजूद महिलाओं ने विरोध किया। इस दौरान निगम कर्मियों ने दुकान का काउंटर उठाकर जब्त करने की कोशिश की, जिससे झूमा-झटकी की स्थिति बन गई।
सड़क पर उतरे व्यापारी, जाम लगा
जैसे ही निगम की टीम ने दुकान में कार्रवाई शुरू की, आसपास के व्यापारी सड़क पर उतर आए और रास्ता जाम कर दिया। मालवा मिल और पाटनीपुरा क्षेत्र के कई दुकानदारों ने डर के कारण दुकानें बंद कर दीं। करीब डेढ़ से दो घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
निगम वाहनों की चाबी निकाली, बढ़ा विवाद
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने निगम के वाहनों की चाबियां निकाल लीं और कर्मचारियों से विवाद किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर भीड़ को हटाया गया। इस दौरान हाथापाई की नौबत भी आ गई।
थानों के चक्कर काटते रहे व्यापारी
घटना के बाद व्यापारी शिकायत दर्ज कराने परदेशीपुरा थाने पहुंचे, जहां उन्हें तुकोगंज थाना क्षेत्र का मामला बताया गया। बाद में तुकोगंज थाने में भी शिकायत दर्ज नहीं की गई, जिससे व्यापारी परेशान होते रहे।
51 दुकानों पर कार्रवाई, जुर्माना वसूला
नगर निगम की मोबाइल कोर्ट ने चालानी कार्रवाई करते हुए 51 दुकानदारों पर कार्रवाई की और 1 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
व्यापारियों ने लगाए गंभीर आरोप
दुकान संचालक ऋतु तिवारी ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारी चालान के नाम पर जबरन वसूली करते हैं और विरोध करने पर सामान जब्त करने की धमकी देते हैं। उनका कहना है कि जो रिश्वत देता है, उस पर कार्रवाई नहीं की जाती।